छतरपुर जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र में जमीन विवाद ने रविवार को हिंसक रूप ले लिया। ग्राम पंचायत बाजना पुरवा के पनोठा हार में एक दर्जन से अधिक लोगों ने तीन चचेरे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार सोनू सिंह चौहान, प्रताप सिंह चौहान और अंकित सिंह चौहान अपने खेत पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके रिश्तेदारों सहित अन्य लोग कथित रूप से जमीन पर जबरन खेती करने पहुंचे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते हमला शुरू हो गया। लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से वार
आरोप है कि धर्मेंद्र सिंह, पुष्पेंद्र सिंह, गजराज सिंह, शंकर सिंह, तेज सिंह, जंट बहादुर सिंह सहित अन्य लोगों ने एकजुट होकर लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी और सब्बल से ताबड़तोड़ हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य लोगों को भी नहीं छोड़ा गया। हमले में प्रताप सिंह चौहान और सोनू सिंह चौहान गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं। परिजन घायलों को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस जांच में जुटी, आरोपियों की तलाश
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई। थाना प्रभारी मनोज गोयल ने बताया कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link