नीमच कैंट थाना क्षेत्र के विकास नगर में चार दिन पहले एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पर एक बछड़े को रौंदने के मामले में अज्ञात कार चालक पर प्रकरण दर्ज कर लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बछड़े को लगभग 7 फीट तक घसीटती चली गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। यह पूरी घटना एक सीसीटीवी फुटेज में कैद हो गई। फुटेज में कार की तेज गति और चालक की लापरवाही स्पष्ट दिख रही है। इस मामले में ग्वालटोली निवासी रोहित पिता शंकरलाल ग्वाला और गौ सेवा दल और अन्य संगठनों के गौसवेक व सदस्यों ने कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि 25 मार्च 2026 को रोहित का बछड़ा घर से बाहर निकल गया था। काफी तलाश के बाद जब वह नहीं मिला, तो सोशल मीडिया पर वायरल हुए दुर्घटना के वीडियो से उन्हें घटना की जानकारी मिली। गौसेवकों और पशु मालिक के आक्रोश को देखते हुए कैंट पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात कार चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 281 और 325 के तहत रविवार को अपराध दर्ज कर लिया गया है। घटना के बाद आरोपी चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया था। पुलिस अब फुटेज के जरिए कार के नंबर और मालिक की पहचान करने में जुटी है, ताकि आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। पशु मालिक और गौ सेवकों ने पुलिस से जल्द से जल्द अज्ञात चालक का पता लगाकर उस पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
Source link