मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के कोरिगवां गांव में एक 30 साल की विवाहिता का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला है। घटना रविवार को उस समय हुई जब परिवार के बाकी सदस्य खेत पर काम करने गए हुए थे। मृतिका के ससुर लालता गोस्वामी ने पुलिस को बताया कि सुबह करीब 8 बजे उनकी बहू निर्मला ने सबको खाना बनाकर खिलाया था। इसके बाद वे अपनी पत्नी रामकली के साथ खेत में राई काटने चले गए थे। शाम को जब रामकली घर लौटीं, तो उन्होंने निर्मला को अटारी में रस्सी के फंदे पर लटका पाया। उनके शोर मचाने पर गांव के लोग इकट्ठा हुए और पुलिस को खबर दी गई। घर पर रहती थी बहू, पति गुजरात में जानकारी के मुताबिक, निर्मला की शादी साल 2018 में अखिलेश गोस्वामी से हुई थी। अखिलेश गुजरात के सूरत में एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। निर्मला यहां घर पर अपने सास, ससुर और देवर के साथ रहती थी और खेती-किसानी के कामों में हाथ बंटाती थी। जांच में जुटी पुलिस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है। जांच अधिकारी एएसआई पवन अवस्थी ने बताया कि महिला ने यह कदम किन कारणों से उठाया, इसका अभी पता नहीं चल सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link