शिवपुरी जिले के सतनवाड़ा वन परिक्षेत्र की पचपेड़िया बीट में 23 मार्च को निरीक्षण के दौरान महिला फॉरेस्ट गार्ड मेघा सेंगर की तबीयत बिगड़ गई। उन्हें तत्काल सतनवाड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। जानकारी के अनुसार, क्षेत्र में पेड़ों की कटाई की सूचना मिलने पर ट्रेनी आईएफएस अधिकारी जिज्ञासु अग्रवाल टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। मेघा सेंगर ने कथित तौर पर पहले ही अपनी तबीयत खराब होने की जानकारी दी थी और बीट पर जाने में असमर्थता जताई थी। इसके बावजूद उन्हें टीम के साथ निरीक्षण के लिए जाना पड़ा। जंगल में निरीक्षण के दौरान उनकी हालत बिगड़ गई और वह अचानक बेहोश हो गईं। डॉक्टरों ने बताया कि उस समय उनका ब्लड प्रेशर असंतुलित था और उन्हें घबराहट की शिकायत भी थी। इस मामले में ट्रेनी आईएफएस जिज्ञासु अग्रवाल ने बताया कि उन्हें महिला कर्मचारी की तबीयत खराब होने की जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि सामान्य निरीक्षण के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्होंने खुद ही मेघा सेंगर को अस्पताल पहुंचाया और डॉक्टरों से बात की।
Source link