शिवपुरी जिले के कोलारस कस्बे में एबी रोड पर एक यात्री बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगी सब्जी की दुकानों और एक स्टॉल में घुस गई। हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर तनाव की स्थिति बन गई। जानकारी के अनुसार बाला जी बस सर्विस की बस पचावली गांव की ओर जा रही थी। कोलारस में जगतपुर तिराहा पर सवारियां उतारने के बाद गुँजारी नदी पुल पार कर गुरुद्वारा के पास पहुंचते ही बस अचानक अनियंत्रित हो गई और दुकानों में जा घुसी। बस एक स्टॉल से टकराकर रुकी। दो घायल, एक दुकानदार फंसा हादसे में 18 वर्षीय युवक और 45 वर्षीय व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं एक सब्जी विक्रेता स्टॉल में फंस गया, जिसे हल्की चोटें आईं। बस की टक्कर से सड़क किनारे लगी कई सब्जी दुकानों को नुकसान पहुंचा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आक्रोशित लोगों ने किया पथराव घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध जताते हुए बस पर पथराव कर दिया। कुछ लोगों ने लाठियों से भी बस पर हमला किया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार बस चालक की अचानक तबीयत खराब होने से उसे चक्कर आ गया, जिससे बस अनियंत्रित हो गई। होश में आने के बाद चालक ने बस को संभालने की कोशिश की, लेकिन तब तक हादसा हो चुका था। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। हादसे के समय बस में सवारियां नहीं होने से बड़ा नुकसान टल गया।
Source link