Last Updated:
Mumbai Indians not won first match since 2012: आईपीएल 2012 में मुंबई इंडियंस ने आईपीएल में जीत के साथ सीजन की शुरुआत की थी, लेकिन इसके बाद से टीम कभी टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला जीत नहीं सकी है. आज आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस अपना पहला मुकाबला कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ खेलने उतरेगी.. हार्दिक पंड्या की अगुआई वाली एमआई 13 साल से लगे इस दाग को मिटाना चाहेगी.
क्या मुंबई इंडियंस की आज बदलेगी किस्मत?
नई दिल्ली. आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में मुंबई इंडियंस की भिड़ंत आज कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) के साथ होगी. दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला मुंबई के वानखेड़े क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा. मुंबई इंडियंस आईपीएल की सबसे सफल फ्रेंचाइजी है. टीम ने 5 बार आईपीएल का खिताब जीता है. बावजूद इसके पिछले 13 साल से टीम एक ‘दाग’ को मिटाने की कोशिश में बार-बार फेल साबित हुई है. देखना यह होगा कि आज होने वाले मुकाबले में हार्दिक पंड्या की कप्तानी वाली टीम की किस्मत बदलती है या नहीं.
दरअसल, मुंबई पिछले 13 साल से टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला नहीं जीत सकी है. मुंबई इंडियंस ने इंडियन प्रीमियर लीग के सीजन की शुरुआत आखिरी बार जीत के साथ साल 2012 में की थी. इसके बाद से हर बार टीम को टूर्नामेंट के पहले मैच में हार का सामना करना पड़ा है. हार्दिक पंड्या की कप्तानी में मुंबई इस खराब रिकॉर्ड से इस बार पीछा छुड़ाना चाहेगी. आईपीएल 2026 में मुंबई की टीम कागज पर काफी दमदार नजर आ रही है.
क्या मुंबई इंडियंस की आज बदलेगी किस्मत?
टीम के पास रोहित शर्मा, क्विंटन डी कॉक और रयान रिकेल्टन के रूप में तीन धाकड़ सलामी बल्लेबाज मौजूद हैं. मुंबई का मिडिल ऑर्डर भी काफी संतुलित नजर रहा है. मध्यक्रम में टीम के पास तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पांड्या, नमन धीर के रूप में दमदार बल्लेबाज हैं. इसके साथ ही ऑक्शन में टीम ने शेरफेन रदरफोर्ड को भी खरीदा है, जो अकेले दम पर किसी भी मैच का रुख पलट सकते हैं. वहीं, कॉर्बिन बॉश, विल जैक्स और शार्दुल ठाकुर बल्ले और गेंद दोनों से अहम योगदान दे सकते हैं. जैक्स की हालिया फॉर्म भी काफी शानदार रही है.
गेंदबाजी में जसप्रीत बुमराह टीम के पेस अटैक की कमान संभालते नजर आएंगे. बुमराह का साथ दीपक चाहर और ट्रेंट बोल्ट देंगे. वहीं, स्पिन विभाग में टीम के पास अल्लाह गजनफर और मिचेल सैंटनर के रूप में दो अच्छे स्पिनर्स मौजूद हैं. इसके साथ ही टीम के पास मयंक मारकंडे का भी विकल्प मौजूद है.
वानखेड़े में मुंबई का जबरदस्त रिकॉर्ड
वानखेड़े के मैदान पर केकेआर के खिलाफ मुंबई इंडियंस का रिकॉर्ड भी शानदार रहा है. वानखेड़े में दोनों टीमों के बीच खेले गए पिछले 12 मुकाबलों में से केकेआर महज दो मैच ही जीत सकी है. मुंबई और केकेआर के बीच आईपीएल में अब तक कुल 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से मुंबई ने 24 मुकाबलों में जीत दर्ज की है जबकि केकेआर ने 11 मैच जीते हैं.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें