केंद्रीय नारकोटिक्स ब्यूरो (CBN) की मध्य प्रदेश इकाई ने मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए तीन अलग-अलग अभियानों में कुल 42.175 किलोग्राम अफीम और 105.020 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया है। तीन दिन चले इस अभियान में तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया गया। सीबीएन द्वारा रविवार को दी गई जानकारी के अनुसार सबसे बड़ी कार्रवाई रतलाम जिले के ग्राम रणायरा (तहसील ताल) में हुई। नीमच, जावरा और रतलाम की संयुक्त टीम ने एक संदिग्ध मकान पर छापा मारा, जहां एक गैर-कृषक द्वारा अवैध अफीम का बड़ा जखीरा तस्करी के लिए प्लास्टिक में पैक किया जा रहा था। कार्रवाई के दौरान मुख्य आरोपी ने पकड़े जाने के डर से घर की छत से छलांग लगा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे नीमच जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मकान और परिसर में खड़ी टाटा अल्ट्रोज कार से भारी मात्रा में अफीम और 59 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त कर दो अन्य साथियों को भी गिरफ्तार किया। हालांकि सीबीएन ने नाम उजागर नहीं किए हैं। कार से डोडाचूरा मिला अभियान की दूसरी कार्रवाई 25 मार्च को मंदसौर जिले के मल्हारगढ़ क्षेत्र में की गई। सूचना मिली थी कि एक कार (R109) से मारवाड़ के ट्रक चालकों को डोडाचूरा की आपूर्ति की जानी है। दशमेश पंजाबी बाबा के पास नाकाबंदी कर टीम ने कार से 45.920 किलोग्राम डोडाचूरा जब्त किया और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। तीसरी कार्रवाई 27 मार्च को मनासा क्षेत्र में हुई। कुकड़ेश्वर-रामपुरा रोड पर एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोककर उसकी डिग्गी से 1.265 किलोग्राम अफीम बरामद की गई। इन सभी मामलों में एनडीपीएस अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किए गए हैं। विभाग अब इन तस्करों के अंतरराज्यीय नेटवर्क और बैकवर्ड लिंकेज की जांच कर रहा है, ताकि मादक पदार्थों की इस पूरी चेन को तोड़ा जा सके।
Source link