MP दिनभर में आज की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
.
दिनभर की 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, एमपी में आज, क्या रहा खास…
1. कार में लगी आग, जिंदा जले परिवार के तीन सदस्य, दो की हालत गंभीर
बालाघाट में चलती कार अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। उसमें आग लग गई, हादसे में तीन लोग जिंदा जल गए। उनकी पहचान नगारची केलकर (65 वर्ष), सविता केलकर (28 वर्ष) और अभि केलकर (3 वर्ष) के रूप में हुई है। सविता, नगारची की बहू और अभि पोता था। वहीं, कार चला रहा बेटा सीतम केलकर (30) और नगारची की पत्नी नाना बाई केलकर (60) गंभीर रूप से झुलस गए हैं। दोनों को महाराष्ट्र के गोंदिया रेफर किया गया है। मौके से गुजर रहे लोगों ने कार के कांच फोड़कर 8 साल की पूर्वी राहांगडाले को बचा लिया। पढ़ें पूरी खबर…
2. मंच पर कुर्सी न मिलने से बीजेपी नेता नाराज, सीएम का कार्यक्रम बीच में छोड़कर निकले

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव रविवार को इंदौर दौरे पर रहे। उन्होंने एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का उद्धाटन किया। फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात’ सुनी। इसके बाद सीएम ‘संकल्प से समाधान’ अभियान के तहत दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां बीजेपी के वरिष्ठ नेता सत्यनारायण सत्तन को मंच पर कुर्सी नहीं मिली, तो वे कार्यक्रम छोड़कर निकल गए। जानकारी के अनुसार, एमआईसी सदस्य बबलू शर्मा से बैठने को लेकर हुई बातचीत के दौरान सत्तन नाराज होकर चले गए। हालांकि, शर्मा ने बताया कि सत्तन की कुर्सी आगे ही थी, लेकिन उस पर नाम की पर्ची नहीं लगी थी। पढ़ें पूरी खबर…
3. नगरीय निकायों में एल्डरमैन नियुक्त; 123 नगर परिषदों में 4-4, 46 नगर पालिकाओं में 6-6 मनोनयन

मध्य प्रदेश में लंबे इंतजार के बाद रविवार को 169 नगरीय निकायों में एल्डरमैन के नामों की घोषणा कर दी गई है। 123 नगर परिषदों में 4-4 जबकि 46 नगर पालिकाओं में 6-6 एल्डरमैन बनाए गए हैं। इनका कार्यकाल वर्तमान परिषद के कार्यकाल के साथ समाप्त होगा या आगामी आदेश तक प्रभावी रहेगा, ये बाद में पता चलेगा। सागर छोड़कर शेष बुंदेलखंड और चंबल के निकायों में सहमति न बन पाने के कारण फिलहाल लिस्ट होल्ड रखी गई है। संगठन की सिफारिश पर नियुक्त होने वाले एल्डरमैन परिषद की बैठकों में तो सक्रिय भाग ले सकते हैं, लेकिन इनके पास वोट देने का अधिकार नहीं होता। पढ़ें पूरी खबर…
4. भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर में 30 मार्च को महावीर जयंती का अवकाश, बाकी जिलों में कलेक्टरों को निर्णय लेने की छूट
मध्य प्रदेश में सामान्य प्रशासन विभाग ने महावीर जयंती पर अवकाश घोषित करने के लिए जिला कलेक्टरों को निर्णय लेने की छूट दी है। अब भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर और सीहोर में 30 मार्च को ही सार्वजनिक अवकाश रहेगा। सरकार ने स्पष्ट किया है कि जिन जिलों में महावीर जयंती 31 मार्च को मनाई जा रही है, वहां पूर्व घोषित अवकाश ही लागू रहेगा। दरअसल, पिछले कुछ सालों से 31 मार्च को महावीर जयंती पर सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जा रहा था। अब सामाजिक संगठनों की मांग पर स्थानीय परिस्थितियों के अनुसार अवकाश घोषित करने की अनुमति दी गई है। पढ़ें पूरी खबर…
5. भाजपा पार्षद के परिवार को दौड़ा-दौड़ाकर डंडों से पीटा, पिस्टल लोड करने का वीडियो

शाजापुर जिले के शुजालपुर में बीजेपी पार्षद की अपने ताऊ से हिंसक झड़प हो गई। घटना का वीडियो सामने आया है, जिसमें लोग खुलेआम डंडे चलाते नजर आ रहे हैं। बाइक सवार एक व्यक्ति पिस्टल लोड करता भी दिख रहा है। विवाद पुश्तैनी जमीन को लेकर हुआ। पार्षद सईद पटेल का परिवार शुजालपुर सिटी के टीला क्षेत्र में रहता है, जबकि उनके ताऊ का परिवार अकोदिया नाका स्थित वन विभाग दफ्तर के पास। दोनों पक्षों के बीच 15 बिस्वा जमीन को लेकर पिछले 15 साल से विवाद चल रहा है। पढ़ें पूरी खबर…
6. आज से 4 दिन तक आंधी-बारिश का अलर्ट; ग्वालियर-चंबल, उज्जैन में ओले गिरेंगे

मध्य प्रदेश में अगले 4 दिन तक आंधी-बारिश का दौर रहेगा। वेस्टर्न डिस्टरबेंस और टर्फ की वजह से ऐसा होगा। मौसम केंद्र के अनुसार, 30 और 31 मार्च को सिस्टम की स्ट्रॉन्ग एक्टिविटी देखने को मिलेगी। अगले 24 घंटे के दौरान ग्वालियर, चंबल और उज्जैन संभाग में ओले गिरने का भी अलर्ट है। 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से आंधी चल सकती है। वहीं, भोपाल, इंदौर, सागर, रीवा संभाग के अधिकांश हिस्से में आंधी, बारिश और गरज-चमक वाला मौसम रहेगा। पढ़ें पूरी खबर…
7. गर्लफ्रेंड को लेकर हुए विवाद में नाबालिग का मर्डर, दोस्त की मदद करने गया था

जबलपुर के मदनमहल इलाके में प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद हिंसक हो गया। इसमें एक नाबालिग की जान चली गई। 22 वर्षीय क्रिश कुमार का 20 साल की एक युवती से करीब दो साल से अफेयर था। कुछ दिन पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया। इसी दौरान युवती की यशराज से दोस्ती हो गई। जब क्रिश को इस बारे में पता चला, तो उसने युवती से दोबारा संपर्क करने की कोशिश की। इसी को लेकर यशराज और क्रिश के बीच मारपीट हो गई। 17 वर्षीय ऋषभ बीच-बचाव करने आया। इसी दौरान यशराज पक्ष के लोगों ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। पढ़ें पूरी खबर…
पॉजिटिव खबर
8. एमपी का पहला बो स्ट्रिंग फ्लाईओवर, इंदौर-उज्जैन रोड पर समय और ईंधन बचेगा

इंदौर के लोगों को जल्द ही लवकुश चौराहे के ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। इंदौर विकास प्राधिकरण ने सिक्स लेन लेवल-2 फ्लाईओवर पर 23 मीटर ऊंचाई पर करीब 400 मीट्रिक टन वजनी पहली बो स्ट्रिंग को लॉन्च कर दिया है। दावा है कि फ्लाईओवर जून तक शुरू हो जाएगा। इससे इंदौर-उज्जैन रोड पर सफर तेज और सिग्नल-फ्री हो जाएगा। बो-स्ट्रिंग डिजाइन में ब्रिज का मुख्य ढांचा धनुष (Bow) के आकार का होता है। यह संरचना भारी भार को संतुलित तरीके से सहन करती है और लंबी दूरी के स्पान को मजबूत सपोर्ट देती है। इसे आधुनिक और टिकाऊ डिजाइन माना जाता है। पढ़ें पूरी खबर…
खबर जरा हटके
9. सीधे पैर में दर्द, उल्टे पैर का किया एक्स-रे; सीएम की सभा से लौटते समय घायल हुई थी युवती

छिंदवाड़ा के उमरानाला में गुरुवार को हुए सड़क हादसे के बाद जिला अस्पताल में इलाज व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। हादसे में घायल एक युवती के सीधे पैर में चोट और सूजन थी। युवती का आरोप है कि उसने दर्द वाले पैर के बारे में डॉक्टरों को बताया, इसके बावजूद अस्पताल में उल्टे पैर का एक्स-रे कर दिया गया। इस पूरे मामले का वीडियो NSUI जिलाध्यक्ष अपेक्षा सूर्यवंशी द्वारा साझा किया गया है, जिसमें वे घायल युवती से बातचीत करती दिख रही हैं। वीडियो में युवती अपनी समस्या बताते हुए कहती है कि उसे सही तरीके से उपचार नहीं मिला। पढ़ें पूरी खबर…
कल का बिग इवेंट
10. भोपाल में एमपी, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के युवा विधायकों का सम्मेलन
भोपाल में सोमवार से 2 दिवसीय युवा विधायक सम्मेलन की शुरुआत हो रही है। इसमें मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान के 55 से ज्यादा युवा विधायक शामिल होंगे। सम्मेलन का उद्घाटन सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे। लोकतंत्र और इसमें नागरिकों की भागीदारी को मजबूत करने जैसे विषयों पर चर्चा होगी।