इटारसी के हनुमान धाम मंदिर ओवरब्रिज पर सोमवार रात करीब 8:30 बजे एक तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़ी चार-पांच बाइक और स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। घटना के बाद ड्राइवर मौके से गाड़ी भगा ले गया। चश्मदीदों के मुताबिक, कार इतनी रफ्तार में थी कि उसने लाइन से खड़ी गाड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस टक्कर में स्वीटी चौहान की मोपेड, राजू लुटेरे की बाइक और तीन-चार अन्य गाड़ियां बुरी तरह पिचक गईं। कई गाड़ियों के अगले और पिछले हिस्से पूरी तरह बर्बाद हो गए हैं। फिल्मी अंदाज में पीछा, पर हाथ नहीं आया आरोपी हादसे के बाद राहुल कटारे नाम के एक युवक ने हिम्मत दिखाई और पुरानी इटारसी तक कार का पीछा भी किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर ड्राइवर कार समेत भागने में कामयाब रहा। घटना के समय मंदिर में काफी भीड़ थी, जिससे अचानक अफरा-तफरी मच गई। पुलिस के हाथ लगा सुराग अच्छी बात यह रही कि इस एक्सीडेंट में किसी को चोट नहीं आई। मौके पर कार की नंबर प्लेट गिर गई थी, जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अब पुलिस इस नंबर के जरिए गाड़ी के मालिक और ड्राइवर का पता लगा रही है। पीड़ित गाड़ी मालिकों ने इटारसी थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करा दी है।
Source link