गोडाउन में बंधक बनाकर दुष्कर्म, रतलाम में दो गिरफ्तार: चचेरी बहनों के साथ किया रेप, बाइक पर बैठाकर ले जाने वाला फरार – Ratlam News

गोडाउन में बंधक बनाकर दुष्कर्म, रतलाम में दो गिरफ्तार:  चचेरी बहनों के साथ किया रेप, बाइक पर बैठाकर ले जाने वाला फरार – Ratlam News




रतलाम के नामली क्षेत्र में अगरबत्ती के गोडाउन में बंधक बनाकर दो चचेरी बहनों के साथ रेप के तीन आरोपी में से दो पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। बाइक पर बैठाकर व गोडाउन का बाहर से दरवाजा लगाने वाला आरोपी फरार है। पुलिस इसकी तलाश में जुटी है। रेप के आरोपी सुमित जाट निवासी घटवास और पवन जाट निवासी नामली पुलिस ने रविवार देर शाम सेजावता फंटा से गिरफ्तार कर लिया है। सोमवार को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। तीसरा आरोपी राजवीर कुमावत निवासी घटवास फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। चचेरी बहनों को बंधक बनाकर किया था दुष्कर्म
शुक्रवार को 15 वर्षीय व 18 वर्षीय चचेरी बहनों ने परिजनों के साथ नामली थाने पहुंच दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत पर पुलिस ने राजवीर कुमावत, सुमित जाट और पवन जाट के खिलाफ पॉक्सो एक्ट, दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया था। 15 वर्षीय पीड़िता ने बताया था कि 25 मार्च को वह अपनी चचेरी बहन के साथ एक रिश्तेदार के यहां कार्यक्रम में गई थी। रात करीब 9:30 बजे दोनों घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान राजवीर कुमावत बाइक लेकर वहां पहुंचा। उसने कहा कि वह उससे 10 मिनट बात करना चाहता है और साथ चलने को कहा। इसके बाद वह दोनों को बाइक पर बैठाकर नौगांव पल्दूना रोड पर अगरबत्ती फैक्ट्री (गोडाउन) ले गया, जहां उसके दो साथी सुमीत जाट व पवन जाट पहले से मौजूद थे। अलग-अलग कमरों में दुष्कर्म पीड़िता के अनुसार, वहां पहुंचने के बाद राजवीर उन्हें अंदर छोड़कर बाहर से दरवाजा बंद कर चला गया। इसके बाद सुमित जाट उसे कमरे में ले गया और उसके साथ दुष्कर्म किया। विरोध करने पर आरोपी ने धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देगा। वारदात के बाद जब बड़ी बहन बाहर निकली, तो उसकी चचेरी बहन मिली, जिसने बताया कि पवन जाट ने उसके साथ भी दुष्कर्म किया। इसके बाद दोनों को बाइक से एक घर ले जाया गया, जहां सुमित ने एक और पवन ने दूसरी युवती के साथ फिर दुष्कर्म किया। डर के कारण चुप रहीं घटना के बाद दोनों रिश्तेदार के यहां लौट गईं, लेकिन डर के कारण तुरंत किसी को कुछ नहीं बताया। शुक्रवार रात उन्होंने परिजन को पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजन उन्हें थाने लेकर पहुंचे, जहां मामला दर्ज कराया गया। नामली थाना प्रभारी गायत्री सोनी ने बताया आरोपी सुमीत जाट व पवन जाट को गिरफ्तार कर लिया है। तीसरे आरोपी राजवीर की तलाश की जा रही है।



Source link