बैतूल जिले के प्रभातपट्टन विकासखंड के ग्राम खेड़ीरामोशी में जमीन सीमांकन को लेकर हुए विवाद में अब भाजपा खुलकर अपने युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष भास्कर मगरदे के समर्थन में सामने आ गई है। पूरे मामले को लेकर भाजपा नेताओं ने पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन से मुलाकात कर निष्पक्ष जांच की मांग की और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की बात कही। भाजपा जिलाध्यक्ष सुधाकर पंवार ने बताया कि संबंधित जमीन विधिवत रजिस्टर्ड विक्रय पत्र के माध्यम से खरीदी गई है। पहले यह भूमि संतोष पंवार के नाम थी, जिन्होंने इसे फूला बाई मेहरा से खरीदा था। बाद में यह जमीन चंद्रकला मगरदे के नाम विधिवत क्रय की गई। उन्होंने कहा कि इसी जमीन का सीमांकन कराने के दौरान विवाद हुआ, जिसकी सूक्ष्म जांच आवश्यक है ताकि निर्दोष लोगों को इस मामले से अलग रखा जा सके। पूरी तरह व्यक्तिगत मामला बताया
आमला विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने स्पष्ट किया कि यह पूरी तरह व्यक्तिगत मामला है और इसमें भाजपा संगठन या कार्यकर्ताओं की कोई भूमिका नहीं है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर आरोप लगाया कि वे सस्ती लोकप्रियता के लिए झूठे आरोप लगाकर समाज को भ्रमित कर रहे हैं। उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि किसी भी आदिवासी की पिछले सौ साल में यह जमीन नहीं है। मुल्ताई विधायक चंद्रशेखर देशमुख ने कहा कि कांग्रेस आदिवासियों को गुमराह कर रही है और बिना तथ्य के बयान देकर सामाजिक विभाजन पैदा करने की कोशिश कर रही है। वहीं भैंसदेही विधायक महेन्द्र सिंह चौहान ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को वोट की राजनीति के लिए उपयोग कर रही है। भोपाल में चल रहा है भाजयुमो जिलाध्यक्ष का इलाज
भाजपा नेताओं ने यह भी कहा कि इस घटना में भाजयुमो जिलाध्यक्ष भास्कर मगरदे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनका भोपाल में इलाज चल रहा है। इसके बावजूद कांग्रेस बिना पूरी जानकारी के आरोप लगा रही है। चर्चा के दौरान एसपी वीरेन्द्र जैन ने आश्वस्त किया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी, किसी भी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होगा । गौरतलब है कि इस पूरे मामले में कांग्रेस और आदिवासी पक्ष पहले ही गंभीर आरोप लगा चुके हैं। अब भाजपा के खुलकर सामने आने से मामला और राजनीतिक रंग लेता नजर आ रहा है।
Source link