दतिया जिले के भांडेर तहसील क्षेत्र में बिजली बिल जमा नहीं होने पर करीब 18 गांवों की बिजली सप्लाई बंद कर दी गई है। इन गांवों पर 2.50 करोड़ रुपए से अधिक का बकाया है, जिसके चलते बिजली कंपनी ने सख्त कदम उठाया है। चंद्रोल, धर्मपुरा, सोफ्ता, दैवरा, बरचोली, माधौपुरा, सिंहपुरा, गोपी खिरिया, सुनारी, पिपरौआ, मुरिया, मुस्तरा, अस्टोट, बगदा, पिपरौआ खुर्द, अजीतपुरा, पथर्रानारायण और बेरछ सहित कई गांवों की सप्लाई बंद की गई है। इन क्षेत्रों के उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिजली बिल जमा नहीं किया था। बिजली गुल होते ही पानी और सिंचाई पर असर बिजली कटते ही गांवों में पेयजल संकट गहराने लगा है। मोटर और पंप बंद होने से पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है। वहीं खेतों की सिंचाई ठप पड़ गई है, जिससे फसलों को नुकसान का खतरा बढ़ गया है। बिजली नहीं होने से आटा चक्की, वेल्डिंग जैसी छोटी दुकानें बंद हो गई हैं। वहीं छात्रों की पढ़ाई पर भी असर साफ दिखाई दे रहा है। ग्रामीणों ने लगाई राहत की गुहार ग्रामीणों का कहना है कि आर्थिक तंगी के कारण वे बिल जमा नहीं कर सके। कुछ लोगों ने अधिक बिल और मीटरिंग में गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। उन्होंने प्रशासन से किस्तों में भुगतान की सुविधा देने की मांग की है। भांडेर के एई किशन कुमार के अनुसार, बकाया राशि अधिक होने के कारण यह कार्रवाई की गई है। सप्लाई बहाल करने का निर्णय वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार लिया जाएगा।
Source link