पन्ना जिले के धरमपुर थाना क्षेत्र की चौकी खोरा के ‘भाऊ का पुरवा’ में 30 मार्च को पानी रोकने के विवाद पर दो पक्षों में झड़प हो गई। इस दौरान एक परिवार के सदस्यों पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जिसमें दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं घटना को अंजाम देकर आरोपी मौके से फरार हो गए हैं। घायल रामवरन लोध (36 वर्ष) ने पुलिस को बताया कि विवाद पानी बंद करने को लेकर शुरू हुआ था। उनके अनुसार, रामस्वरूप लोधी, सुनैना लोध और देवीदीन लोध ने गाली-गलौज करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। हमले के दौरान रामवरन की मां सदाप्यारी और चाचा रामपाल ने बीच-बचाव कर स्थिति को शांत कराया। इस हमले में रामवरन के सिर, कोहनी और पीठ पर गंभीर चोटें आईं। उनकी भाभी उमाली लोध के चेहरे और पीठ पर भी वार किए गए। आरोपियों ने जाते समय परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी। खोरा चौकी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद पन्ना जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
Source link