बड़वानी नपा में 1.49 अरब का बजट पास: दुकानदारों से किराया वसूली पर 10% अतिरिक्त चार्ज लेने का पार्षदों ने किया विरोध – Barwani News

बड़वानी नपा में 1.49 अरब का बजट पास:  दुकानदारों से किराया वसूली पर 10% अतिरिक्त चार्ज लेने का पार्षदों ने किया विरोध – Barwani News




बड़वानी नगरपालिका की सोमवार शाम हुई बजट बैठक में करीब 1 अरब 49 करोड़ रुपए का लेखा-जोखा पेश किया गया। शाम 5 से 7 बजे तक चली इस बैठक में शहर के विकास के लिए कई प्रस्ताव तो पास हो गए, लेकिन दुकानों के बकाया किराए पर एक्स्ट्रा चार्ज लगाने की बात पर जमकर हंगामा हुआ। नगरपालिका ने प्रस्ताव रखा था कि जिन दुकानदारों ने किराया नहीं भरा है, उनसे 10% अतिरिक्त चार्ज (सरचार्ज) वसूला जाए। साथ ही प्रीमियम बकाया होने पर 12% एक्स्ट्रा लेने की बात भी कही गई। इस पर पार्षदों और नेता प्रतिपक्ष राकेश सिंह जाधव ने एतराज जताया। उन्होंने कहा कि जो दुकानदार पहले से किराया नहीं दे पा रहे हैं, उन पर और बोझ डालना ठीक नहीं है। सरकार से बजट न मिलने पर उठाए सवाल बैठक में नेता प्रतिपक्ष ने राज्य सरकार की नीतियों को भी घेरा। उन्होंने कहा कि पहले नगरपालिका अपने टैक्स से खुद का खर्चा निकाल लेती थी, लेकिन अब सरकार ने उसे बंद कर दिया है। सरकार की ओर से जो भरपाई की राशि (क्षतिपूर्ति भत्ता) मिलनी चाहिए, वह भी समय पर नहीं आ रही है। इस वजह से नगरपालिका को काम करने में पैसों की तंगी हो रही है। उन्होंने सीएमओ से कहा कि वे सरकार को चिट्ठी लिखकर हर महीने पैसा रिलीज करने की मांग करें। शहर के लिए लिए गए कुछ जरूरी फैसले विवादों के बीच कुछ महत्वपूर्ण कामों को मंजूरी भी दी गई। नया हॉल और मार्केट वेंडर मार्केट की पहली मंजिल पर एक बड़ा हॉल बनाने और पुरानी योजना में सुधार करने पर सहमति बनी। समाज के लिए भवन वार्ड नंबर 9 में बारेला समाज के लिए सामुदायिक भवन बनाने की कागजी कार्रवाई को आगे बढ़ाया गया। पानी की समस्या अमृत 2.0 योजना के तहत नई पानी की टंकियां बनाने के लिए जगह चुनने और पुरानी पाइपलाइनों को ठीक करने की मंजूरी मिली। बैठक में जानवरों के रजिस्ट्रेशन और हड्डी-चरशा ठेके की नीलामी जैसे मुद्दों पर भी बात हुई, लेकिन कई प्रस्तावों पर सभी की एक राय नहीं बन पाई। इस बजट बैठक ने साफ कर दिया कि नगरपालिका फिलहाल आर्थिक तंगी से जूझ रही है।



Source link