बिस्टान में कथित डॉक्टर का क्लीनिक सील: छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने थाने का घेराव किया – Khargone News

बिस्टान में कथित डॉक्टर का क्लीनिक सील:  छात्रा की संदिग्ध मौत के बाद परिजनों ने थाने का घेराव किया – Khargone News




खरगोन के बिस्टान में रविवार को 16 वर्षीय छात्रा आयुषी गजराज पटेल की संदिग्ध मौत के बाद क्षेत्र में तनाव है। परिजनों और स्थानीय लोगों ने कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को बिस्टान थाने का घेराव किया। इस मामले में कथित डॉक्टर पीसी गुप्ता के क्लीनिक को स्वास्थ्य विभाग ने सील कर दिया है। सोमवार को 60 से अधिक लोग बिस्टान थाना पहुंचे और कथित डॉक्टर पीसी गुप्ता की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया। लगभग आधा घंटे तक चले विरोध प्रदर्शन के बाद थाना प्रभारी गुलाबचंद रावत ने परिजनों को समझाया। परिजन जितेंद्र तोमर ने कहा कि घटना के 24 घंटे बाद भी कार्रवाई नहीं हुई, इसलिए वे शांतिपूर्ण कार्रवाई की मांग को लेकर यहां आए हैं। सर्दी-खांसी के इलाज के लिए ले गए थे परिजन
यह घटना रविवार दोपहर की है, जब गजराज पटेल अपनी बेटी आयुषी को सर्दी-खांसी के इलाज के लिए कथित डॉक्टर पीसी गुप्ता के क्लीनिक ले गए थे। परिजनों का आरोप है कि गलत सलाइन और इंजेक्शन लगाने के बाद आयुषी को चक्कर आए, उल्टी हुई और मुंह से झाग निकलने के बाद उसकी मौत हो गई। उन्होंने क्लीनिक संचालक पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। सीएमएचओ को भी जांच रिपोर्ट पेश करने के निर्देश
कलेक्टर भव्य मित्तल ने इस पूरे घटनाक्रम पर संज्ञान लेते हुए सीएमएचओ डॉ. डीएस चौहान को जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने और कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। सोमवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बिस्टान स्थित क्लीनिक से इंजेक्शन, सलाइन और अन्य दवाइयां जब्त कीं। क्लीनिक को सील कर दिया गया है और उसके पंजीयन तथा डिप्लोमा डिग्री की जांच की जा रही है। बिस्टान थाना प्रभारी गुलाबचंद रावत ने बताया कि पुलिस परिजनों के आरोपों के साथ-साथ डॉक्टरों के पैनल की पीएम रिपोर्ट और जिला स्वास्थ्य टीम की रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। इन रिपोर्टों के आधार पर ही पुलिस आगे की पुख्ता कार्रवाई करेगी।



Source link