मंदसौर नगर पालिका परिषद में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 545 करोड़ रुपए का ‘विकासशील’ बजट पेश किया गया। राजस्व सभापति कौशल्या प्रहलाद बंधवार द्वारा प्रस्तुत यह बजट शहर के समग्र विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और निकाय की आर्थिक मजबूती को ध्यान में
.
पिछले वर्ष के 542 करोड़ रुपए के बजट की तुलना में इस बार 3 करोड़ रुपए की वृद्धि की गई है।
बजट में मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना योजना के तहत 5 करोड़ रुपए से अधिक की लागत से सीसी रोड, नालों का निर्माण और विभिन्न विकास कार्यों के प्रावधान किए गए हैं। इन कार्यों से शहर की बुनियादी सुविधाओं में सुधार होगा।
गीता भवन और तालाब सौंदर्यीकरण
शहर में 15 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से गीता भवन निर्माण प्रस्तावित है। इसके अलावा 2 करोड़ 50 लाख रुपये से अधिक की राशि से तेलिया तालाब के सौंदर्यीकरण का कार्य किया जाएगा, जिससे शहर की सुंदरता और पर्यटन आकर्षण बढ़ेगा।
स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आधुनिक शौचालय और मूत्रालयों का निर्माण किया जाएगा। अभिनंदन क्षेत्र में फिल्टर प्लांट की स्थापना के साथ ही अमृत योजना के तहत नई पानी की टंकियां और फिल्टर प्लांट लगाए जाएंगे, जिससे नागरिकों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सके।
शहर में आकर्षक लाइटिंग और फूड ज़ोन
प्रमुख डिवाइडरों पर आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही शहर के प्रमुख स्थानों पर फूड ज़ोन विकसित करने का भी प्रावधान रखा गया है, जिससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
नगर पालिका की आय बढ़ाने के लिए 19 नई दुकानों का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा प्रथम चरण में 25 उद्यानों के विकास का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिससे शहर में हरित क्षेत्र का विस्तार होगा।
पिछले कार्यों की उपलब्धियां भी गिनाईं
परिषद गठन (2022) के बाद प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया है। सिवरेज परियोजना की शुरुआत के साथ 15 किलोमीटर से अधिक सिवरेज लाइन बिछाई जा चुकी है। वहीं, राजस्व वसूली में मंदसौर ने प्रदेश स्तर पर शीर्ष 10 में स्थान हासिल किया है।
नगर पालिका परिषद का यह बजट मंदसौर को स्वच्छ, सुव्यवस्थित और आत्मनिर्भर शहर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। विकास कार्यों की यह रूपरेखा आने वाले समय में शहर के स्वरूप को नई पहचान दे सकती है।