सतना में मजदूरी मांगने पर हुए विवाद में एक बुजुर्ग की कथित तौर पर शराब पिलाकर बेरहमी से पिटाई की गई। गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। यह घटना उचेहरा थाना क्षेत्र के बाईपास पुलिया के पास हुई। मृतक की पहचान उचेहरा हत्था बाबा निवासी 65 वर्षीय ज्ञान चौधरी पुत्र सुकरु चौधरी के रूप में हुई है। उन्हें सोमवार सुबह लहूलुहान हालत में पुलिया के पास पाया गया था। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत
परिजनों के अनुसार, रविवार शाम को देवलाल और जियालाल नामक व्यक्ति ज्ञान चौधरी को गेहूं की बोरियां ट्रैक्टर से उतरवाने के लिए ले गए थे। देर रात तक जब ज्ञान घर नहीं लौटे, तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। सोमवार सुबह करीब 6 बजे ज्ञान चौधरी बाईपास स्थित पुलिया के पास गंभीर हालत में मिले। उन्हें तत्काल उचेहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। शाम 4 बजे उनकी हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। आरोप- पहले शराब पिलाई फिर मारपीट की
मृतक की बेटी रोशनी चौधरी ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में इलाज के दौरान उनके पिता ने बताया था कि गेहूं की बोरियां उतरवाने के बाद जब उन्होंने मजदूरी मांगी, तो आरोपी देवलाल और जियालाल ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर उन्हें पहले शराब पिलाई और फिर बेरहमी से पिटाई की। उचेहरा थाना पुलिस ने मृतक और उसके परिजनों के बयानों के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश कर रही है।
Source link