अनूपपुर के अमरकंटक में मंगलवार को नर्मदा नदी के रामघाट पर एक बुजुर्ग का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। दरअसल, मंगलवार दोपहर करीब 3:30 बजे नगर परिषद अमरकंटक के सफाईकर्मी रामघाट में सफाई कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सीढ़ियों के पास पानी में कुछ संदिग्ध सा दिखाई दिया। पास जाकर देखने पर एक बुजुर्ग व्यक्ति औंधे मुंह सीढ़ियों पर पड़ा मिला, जिसका आधा शरीर पानी में और आधा बाहर था। पुलिस ने पानी से बाहर निकाला शव सूचना मिलने पर थाना अमरकंटक पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से शव को बाहर निकाला। मृतक की पहचान पुन्नू लाल यादव (66), पिता भूरूंग यादव, निवासी वार्ड क्रमांक 9 नर्मदा मंदिर रोड अमरकंटक के रूप में हुई। वह डिंडौरी जिले के करंजिया के रहने वाले थे। वे अमरकंटक में अपनी बेटी के साथ रहकर नारियल प्रसाद की दुकान चलाते थे। सिर पर चोट के निशान मिले अमरकंटक थाना प्रभारी पीएस बघेल ने बताया कि घटना के समय मृतक की बेटी किसी काम से डिंडौरी जिले में आयोजित कनकधारा कार्यक्रम में शामिल होने गई हुई थी। मृतक के सिर पर चोट के निशान भी पाए गए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। हर एंगल से जांच कर रही है पुलिस परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है और उनके आने का इंतजार किया जा रहा है। रामघाट में पहले भी इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिसके कारण यह घटना फिर से चर्चा का विषय बन गई है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की विस्तृत जांच कर रही है।
Source link