इंदौर के पश्चिमी क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण और बहुप्रतीक्षित परियोजना को मंजूरी मिल गई है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव की मांग पर चंदन नगर क्षेत्र में नए ब्रिज (पुल) का निर्माण किया जाएगा। इस प्रस्ताव को हाल ही में इंदौर विकास प्राधिकरण (आईडीए ) की बोर्ड बैठक में स्वीकृति प्रदान की है। महापौर ने इस महत्वपूर्ण निर्णय के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और लंबे समय से चली आ रही यातायात संबंधी समस्याओं का समाधान करेगी। गौरतलब है कि महापौर पुष्यमित्र भार्गव पिछले एक वर्ष से इस परियोजना को लेकर लगातार प्रयासरत थे। अब चंदन नगर क्षेत्र को यह ऐतिहासिक सौगात मिलने जा रही है। इस ब्रिज के निर्माण से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि पश्चिमी इंदौर के विकास को भी नई गति मिलेगी। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में यातायात का दबाव कम होगा और लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी का लाभ मिलेगा।
Source link