Last Updated:
Khargone News: खरगोन की श्री अक्षय पात्र सेवा समिति इस बार भी गर्मी में लोगों की प्यास बुझाने के लिए आगे आई है. संस्था 1 अप्रैल से शहरभर में सैकड़ों रांझण रखेगी और बसों में यात्रियों तक ठंडा पानी पहुंचाएगी. 15 साल से चल रही यह सेवा हर साल गर्मी में हजारों लोगों को राहत देती है. इस बार भी कुछ खास है. जानें…
भीषण गर्मी शुरू होते ही लोगों को सबसे ज्यादा जरूरत ठंडे पानी की महसूस होती है. ऐसे समय में खरगोन की श्री अक्षय पात्र सेवा समिति हर साल की तरह इस बार भी लोगों की प्यास बुझाने के लिए आगे आई है. संस्था 1 अप्रैल से शहर के अलग अलग हिस्सों में सैकड़ों रांझण रखने जा रही है, ताकि राहगीरों को आसानी से ठंडा पानी मिल सके.
संस्था विगत 15 सालों से लगातार गर्मी के मौसम में यह सेवा कर रही है. शहर के प्रमुख चौराहों, बाजारों और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर रांझण रखे जाते हैं. इससे लोगों को धूप में भटकने के बजाय पास में ही ठंडा पानी मिल जाता है. इस सेवा से हर वर्ग के लोगों को राहत मिलती है.
यह खास सेवा पवित्र नगरी मंडलेश्वर में दी जाती है. यहां रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु और यात्री आते हैं. कई लोग घूमने और खरीदारी के लिए भी पहुंचते हैं. ऐसे में गर्मी के समय ठंडा पानी मिलना उनके लिए बड़ी राहत बन जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google
रांझण रखे जाने से लोगों को पानी की बोतल खरीदने की जरूरत भी कम पड़ती है. कई यात्री बसों का इंतजार करते समय इन रांझणों से पानी पीकर राहत महसूस करते हैं. इससे खासकर गरीब और जरूरतमंद लोगों को ज्यादा फायदा मिलता है.
संस्था के अध्यक्ष संतोष मोयदे ने बताया कि इस सेवा की शुरुआत वर्ष 2010 में की गई थी. तब से लेकर अब तक हर साल गर्मी में यह अभियान चलाया जा रहा है. संस्था में करीब 50 सदस्य जुड़े हुए हैं, जो हर महीने सहयोग राशि एकत्रित कर इस सेवा को जारी रखते हैं.
उन्होंने बताया कि हर साल गर्मी में करीब 50-60 रांझण खरीदे जाते हैं और शहर के अलग अलग स्थानों पर रखे जाते हैं. एक रांझण की कीमत लगभग 550 रुपये होती है. इन रांझणों में पानी भरने का काम नगर पालिका की मदद से किया जाता है.
संस्था इस साल भी यह खास सेवा शुरू करने जा रही है. 1 अप्रैल 2026 से बसों में सफर कर रहे यात्रियों तक भी मुफ्त ठंडा पानी पहुंचाया जाएगा. इसके लिए दो लोगों की जिम्मेदारी तय की गई है, जो बसों के अंदर जाकर यात्रियों को पानी पिलाएंगे.
समिति के सदस्यों का कहना है कि निमाड़ क्षेत्र में गर्मी बहुत तेज पड़ती है. ऐसे में समय पर पानी मिलना बहुत जरूरी होता है. कई बार यात्री पानी लेने के लिए बस से नीचे उतरते हैं और बस छूट जाती है. खासकर महिलाओं और बच्चों को ज्यादा परेशानी होती है. इसी समस्या को ध्यान में रखते हुए बसों के अंदर तक पानी पहुंचाने की सेवा शुरू की जा रही है.