राजगढ़ जिले के खिलचीपुर में मंगलवार शाम एक किराना व्यापारी के गोदाम में अचानक आग लग गई। आग लगने के कुछ देर बाद गोदाम के अंदर तेज धमाका हुआ, जिससे आसपास रहने वाले लोग घबरा गए। सूचना मिलते ही पुलिस और नगर परिषद की फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा तेल, गुड़, शक्कर सहित बड़ी मात्रा में किराने का सामान जलकर राख हो चुका था। व्यापारी ने करीब 80 लाख रुपए के नुकसान की आशंका जताई है। शादी सीजन का स्टॉक खत्म
दरअसल, यह घटना बस स्टैंड के पास बाबा रामदेव मंदिर से थोड़ी दूरी पर वार्ड नंबर 4 की एक गली में स्थित किराना व्यापारी नवीन कुमार साहू के गोदाम में हुई। व्यापारी ने अपने मकान को ही गोदाम के रूप में उपयोग कर रखा था, जहां शादी सीजन को देखते हुए बड़ी मात्रा में किराने का सामान स्टॉक किया गया था। मंगलवार शाम करीब 7 बजे गोदाम से अचानक धुआं और आग की लपटें निकलने लगीं। उस समय गोदाम के बाहर ताला लगा हुआ था और व्यापारी नवीन साहू बस स्टैंड स्थित अपनी गुड़ की दुकान पर बैठे थे। आग की लपटें देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत उन्हें फोन कर सूचना दी। तेज धमाके की आवाज भी आई
इसी दौरान गोदाम के अंदर तेज धमाके की आवाज भी सुनाई दी, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलने के बाद गोदाम मालिक भी मौके पर पहुंचे। तब तक अंदर रखा किराने का सामान आग की चपेट में आ चुका था और लपटें तेजी से फैल रही थीं।
Source link