चाचा को फंसाने खुद पर चलवाई गोली, 6 गिरफ्तार: लवकुश नगर पुलिस ने किया खुलासा, बंदूक और कारतूस बरामद – Chhatarpur (MP) News

चाचा को फंसाने खुद पर चलवाई गोली, 6 गिरफ्तार:  लवकुश नगर पुलिस ने किया खुलासा, बंदूक और कारतूस बरामद – Chhatarpur (MP) News




छतरपुर जिले के लवकुश नगर थाना क्षेत्र के ग्राम झिन्ना में खुद पर फायरिंग के एक संदिग्ध मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। जांच में सामने आया कि एक युवक ने अपने चाचा को हत्या के प्रयास के झूठे मामले में फंसाने के लिए यह षड्यंत्र रचा था। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी सहित कुल 6 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, कुछ दिन पहले ग्राम झिन्ना में एक युवक के घायल होने की सूचना मिली थी। डायल 112 टीम मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घटना संदिग्ध लगने पर पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर गहन जांच शुरू की। चाचा को झूठे केस में फंसाने के लिए रचि साजिश
जांच के दौरान पता चला कि घायल विपुल चतुर्वेदी ने अपने साथियों के साथ मिलकर पूरी साजिश रची थी। उसका उद्देश्य अपने चाचा को झूठे केस में फंसाना था। इसके लिए उसने पहले अवैध हथियार का इंतजाम किया और फिर अपनी जांघ में गोली मारकर खुद को घायल कर लिया। पुलिस ने इस मामले में ग्राम झिन्ना निवासी मुख्य आरोपी विपुल चतुर्वेदी को गिरफ्तार किया है। षड्यंत्र में शामिल शैलेंद्र राजपूत, महेंद्र राजपूत, कामता सेन, हथियार की व्यवस्था करने वाले इदरीस खान और हथियार बेचने वाले धर्म सिंह राजपूत को भी गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त देशी अद्धी, कारतूस और नकद राशि बरामद की गई है। आरोपियों को कोर्ट ने भेजा जेल
पुलिस अधीक्षक अगम जैन के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले और एसडीओपी नवीन दुबे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अजय अंबे सहित पुलिस टीम की इस खुलासे में अहम भूमिका रही। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।



Source link