इंदौर कलेक्टर कार्यालय में मंगलवार को जनसुनवाई में उस समय अजीब स्थिति बन गई जब गीताबाई नाम की एक वृद्ध महिला अपनी शिकायत लेकर पहुंची। महिला का आरोप है कि सरकारी रिकॉर्ड में उसे मृत घोषित कर दिया गया है, जबकि वह पूरी तरह जीवित है। सांवेर तहसील की गीताबाई ने बताया कि सरपंच कार्यालय की कथित मिलीभगत से उसका फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र बनवा दिया गया। इसी आधार पर उसकी करीब पौने दो बीघा जमीन किसी अन्य व्यक्ति के नाम दर्ज करा दी गई। महिला का कहना है कि जय बजाज नामक व्यक्ति ने उसे दस्तावेजों में मृत दर्शाकर जमीन अपने नाम करा ली। मामला उस समय और गंभीर हो गया जब गीताबाई के बेटे हरिराम ने बताया कि जब वह जमीन पर पहुंचा तो वहां पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। हरिराम का आरोप है कि उसने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की। न्याय की आस में हरिराम अपनी मां को लेकर कलेक्टर कार्यालय पहुंचा, जहां दोनों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए हैं और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
Source link