सीधी जिले के रामपुर नैकिन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आई है। मंगलवार को एएनएम सुषमा सिंह के देर से पहुंचने के कारण दर्जनों महिलाओं और छोटे बच्चों को घंटों इंतजार करना पड़ा। तहसीलदार के हस्तक्षेप के बाद ही एएनएम केंद्र पर पहुंचीं। टीकाकरण के लिए सुबह 10 बजे से पहुंची महिलाएं दोपहर 12 बजे तक संबंधित एएनएम का इंतजार करती रहीं। प्रतीक्षा मिश्रा नामक एक महिला ने बताया कि सुबह 10 बजे से लगभग 15 महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ केंद्र पर मौजूद थीं, लेकिन कोई भी स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित नहीं था। महिलाओं ने बताया कि संबंधित एएनएम अक्सर दोपहर 1 बजे के बाद आती हैं और कुछ ही देर में लौट जाती हैं। इस लापरवाही से लोगों में काफी नाराजगी देखी गई। मामले की शिकायत प्रभारी बीएमओ श्वेता राजपूत और रामपुर नैकिन के तहसीलदार आशीष मिश्रा से की गई। तहसीलदार मिश्रा ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए स्वयं एएनएम सुषमा सिंह को फोन किया, जिसके बाद वह केंद्र पर पहुंचीं। ड्यूटी याद नहीं थी एएनएम सुषमा सिंह ने अपनी सफाई में कहा कि उन्हें ड्यूटी याद नहीं थी और उन्हें लगा था कि उस दिन अवकाश है। वहीं, बीएमओ श्वेता राजपूत ने बताया कि संबंधित कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और नोटिस जारी किया जाएगा। आदत पुरानी है पूर्व बीएमओ प्रेरणा पाठक ने भी स्वीकार किया कि सुषमा सिंह की यह आदत पुरानी है। उन्होंने बताया कि पहले भी कई बार वेतन काटा गया है और 7-8 बार नोटिस जारी किए गए हैं, लेकिन उनके व्यवहार में सुधार नहीं हुआ। यह मामला उच्च अधिकारियों तक भेजा जा चुका है, पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। लापरवाह पर होगा एक्शन तहसीलदार आशीष मिश्रा ने स्पष्ट किया कि ऐसे लापरवाह कर्मचारियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने सीएमएचओ को पत्र लिखकर सख्त कार्रवाई की मांग करने की बात कही। मिश्रा ने जोर देकर कहा कि यह जनता के स्वास्थ्य से जुड़ा संवेदनशील मामला है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
Source link