बैतूल नेशनल हाईवे पर बरेठा घाट में सोमवार दोपहर हुए सड़क हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। गंभीर रूप से घायल भैयालाल पंद्रम (22) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार, सोमवार दोपहर करीब 2 बजे बरेठा घाट के पहले मोड़ पर एक बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी थी। हादसे के समय दोनों युवक सिंगार चावड़ी गांव से बकतरा जा रहे थे। इस दुर्घटना में गुम्मा ढाणा निवासी जगदीश नर्रे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि भैयालाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। गंभीर हालत में अस्पताल में था भर्ती
हादसे में भैयालाल के दाहिने पैर की फीमर बोन टूट गई थी और चेहरे पर भी गंभीर चोटें आई थीं। उन्हें 108 एम्बुलेंस से शाहपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल बैतूल रेफर किया गया। आईसीयू में इलाज के दौरान मंगलवार को उनकी मौत हो गई। मृतक जगदीश नर्रे खेती-मजदूरी करते थे और अपने दो भाइयों में छोटे थे। उनकी शादी करीब 15 दिन पहले तय हुई थी। वहीं, भैयालाल पंद्रम अपने दो भाइयों में बड़े थे और अभी अविवाहित थे। सोमवार को जगदीश का पोस्टमार्टम शाहपुर में कर शव परिजनों को सौंप दिया गया था। भैयालाल के शव का भी पोस्टमार्टम किया जा रहा है। पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है और मामले की जांच जारी है।
Source link