दमोह जिले के रनेह थाना क्षेत्र के बिलाखुर्द गांव में मंगलवार दोपहर बिजली सुधार कार्य के दौरान एक लाइनमैन की करंट लगने से मौत हो गई। वह खंभे से नीचे गिर गया और अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक लाइनमैन की पहचान 33 वर्षीय ओमकार पटेल के रूप में हुई है, जो भागीरथ पटेल के पुत्र और मडियादो थाना क्षेत्र के शिवपुर गांव के निवासी थे। वह पटेरा पावर हाउस में कार्यरत थे। ओमकार के दो छोटे बच्चे हैं, जिसके चलते परिजनों ने प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की है। जानकारी के अनुसार, बिलाखुर्द गांव में सोमवार को बिजली का तार टूट गया था, जिसकी शिकायत स्थानीय लोगों ने दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद ओमकार अपने साथियों के साथ लाइन सुधारने पहुंचा था। कार्य के लिए विधिवत परमिट लिया गया था और बिजली लाइन को बंद भी कराया गया था। लाइनमैन जैसे ही खंभे पर चढ़कर लाइन सुधार रहा था, उसी दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा बिजली लाइन चालू कर दी गई। इससे ओमकार को करंट लगा और वह खंभे से नीचे जमीन पर गिर पड़ा। घायल अवस्था में ओमकार को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। मृतक लाइनमैन के साथी ओमकार कुशवाहा ने बताया कि वह भी उस समय अपने अन्य साथियों के साथ लाइन का सुधार कार्य कर रहा था। उसका साथी खंबे पर चढ़ा था तभी उसे करंट लग गया। उन्होंने बिजली लाइन बंद करने के लिए परमिट भी लिया था, लेकिन पता नहीं किसके द्वारा लाइन चालू कर दी। जिससे ओमकार को करंट लग गया और उसकी मौत हो गई।
Source link