दिग्वेश राठी फिर करेंगे खुराफात, इस बार कप्तान ऋषभ पंत का मिला साथ

दिग्वेश राठी फिर करेंगे खुराफात, इस बार कप्तान ऋषभ पंत का मिला साथ


नई दिल्ली. आईपीएल जैसे रन बरसाने वाले मंच पर स्पिनर होना, और खासकर लेग स्पिनर होना, आसान काम नहीं है. जहां बल्लेबाजों का दबदबा रहता है, वहां गेंदबाजों को अपनी पहचान बनाने के लिए कुछ अलग करना पड़ता है. ऐसे ही चुनौतीपूर्ण माहौल में उभरे दिग्वेश राठी, जिन्होंने अपने डेब्यू सीजन में ही सबको चौंका दिया. महज 30 लाख रुपये में लखनऊ सुपर जायंट्स से जुड़ने वाले इस युवा लेग स्पिनर ने न सिर्फ अपनी गेंदबाजी से, बल्कि अपने अनोखे अंदाज और आत्मविश्वास से भी खास पहचान बना ली.

आईपीएल 2025 में राठी ने अपने प्रदर्शन से सबका ध्यान खींचा, यहां तक कि टी20 के पूर्व नंबर-1 लेग स्पिनर रवि बिश्नोई से भी ज्यादा प्रभावशाली नजर आए. हालांकि, उनकी चर्चा सिर्फ विकेट्स तक सीमित नहीं रही. उनका ‘नोटबुक सेलिब्रेशन’, जिसमें वह बल्लेबाज का नाम लिखने का इशारा करते हैं, काफी विवादों में भी रहा. मैच अधिकारियों ने इसे उकसाने वाला मानते हुए उन पर दो बार जुर्माना लगाया  पहले 25% और फिर 50% मैच फीस, जिससे कुल 9.37 लाख रुपये का नुकसान हुआ.

पंत बोले नहीं रुकेगा राठी!

रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके कप्तान ऋषभ पंत ने भी उन्हें इस तरह के सेलिब्रेशन से बचने की सलाह दी थी, ताकि आगे कोई बड़ा एक्शन या बैन न झेलना पड़े. यहां तक कि एक समय ऐसा भी लगा कि टीम के खिलाड़ी अनजाने में उन्हें विकेट लेने से रोक रहे हैं, ताकि विवाद से बचा जा सके. अब IPL 2026 से पहले सबसे बड़ा सवाल यही है  क्या दिग्वेश राठी उसी अंदाज में लौटेंगे? क्या उनका प्रदर्शन पहले जैसा रहेगा? और सबसे अहम, क्या वह अपना ‘नोटबुक सेलिब्रेशन’ जारी रखेंगे या उसमें बदलाव करेंगे?

दिलचस्प बात यह है कि इस बार दिग्वेश राठी को  अपने कप्तान ऋषभ पंत का पूरा समर्थन मिला है.  पंत चाहते हैं कि राठी अपनी असली पहचान बनाए रखें, लेकिन साथ ही उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि इस बार किसी भी हालत में बैन जैसी स्थिति नहीं आनी चाहिए.  राठी नेबातचीत में कहा, “ऋषभ भैया और टीम मैनेजमेंट ने मुझसे बस इतना कहा है कि तुम अपने असली अंदाज में खेलो, लेकिन बैन मत होना.

जश्न मनाना मेरा अधिकार 

राठी ने इस मुद्दे पर एक अहम सवाल भी उठाया उनका मानना है कि अगर बल्लेबाज शतक लगाने के बाद अपने तरीके से जश्न मना सकते हैं, तो गेंदबाजों को भी अपनी खुशी जाहिर करने का हक होना चाहिए.  उन्होंने कहा, “वो मेरा पहला साल था और मुझे उम्मीदों का अंदाजा नहीं था.  मेरा इरादा किसी का अपमान करना नहीं था और आगे भी नहीं है लेकिन कोई मुझे जश्न मनाने से नहीं रोक सकता अगर बल्लेबाज शतक के बाद बैट पर हेलमेट रखकर जश्न मना सकता है, तो मैं भी अपना सेलिब्रेशन कर सकता हूं.

लखनऊ के ट्रंपकॉर्ड हैं राठी

अब जब वह लखनऊ सुपर जायंट्स के प्रमुख स्पिनर बन चुके हैं, तो IPL 2026 में उनसे उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं टीम भी यही चाहेगी कि वह पूरे सीजन उपलब्ध रहें और किसी विवाद या बैन का शिकार न हों.  दिल्ली क्रिकेट से उन्हें करीब से जानने वाले ऋषभ पंत भी उन पर पूरा भरोसा जता रहे हैं.  पिछले सीजन में 13 विकेट और 8.25 की इकॉनमी के साथ राठी एक बड़े खोज बनकर उभरे थे. अपनी कैरम बॉल, सटीक लाइन-लेंथ और आक्रामक मानसिकता के दम पर वह टी20 के एक बेहतरीन स्पेशलिस्ट साबित हो रहे हैं. अब उनकी नजरें अगले सीजन में एक कदम और आगे बढ़ने पर होंगी.



Source link