देवास में पत्नी से मारपीट करने वाला भाजपा नेता पदमुक्त: महिला नेत्री को भी हटाया; वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी का एक्शन – Dewas News

देवास में पत्नी से मारपीट करने वाला भाजपा नेता पदमुक्त:  महिला नेत्री को भी हटाया; वीडियो वायरल होने के बाद पार्टी का एक्शन – Dewas News




देवास में भाजपा के नगर मंत्री राजू सोनी को पत्नी की शिकायत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। उन पर पत्नी के साथ मारपीट करने और एक भाजपा नेत्री से नजदीकियां बनाने का आरोप है। इस मामले में मंगलवार को भाजपा जिलाध्यक्ष ने राजू सोनी और एक महिला को पार्टी से पदमुक्त कर दिया। राजू सोनी की पत्नी ने 26 मार्च को कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति राजू सोनी के भाजपा से जुडी नेत्री से संबंध हैं, जिसके कारण वह प्रतिदिन विवाद करते हैं। पत्नी ने यह भी बताया कि 14 मार्च को बाजार में पति को महिला नेत्री के साथ देखने पर आपत्ति जताने पर रात में उनके साथ मारपीट की गई थी। थाने में हुआ था समझौता
महिला के अनुसार, उस दिन कोतवाली पहुंचने पर पति ने 15 दिन के लिए समझौता किया था। हालांकि, पति ने कथित तौर पर उक्त महिला से संबंध जारी रखे और 25 मार्च को फिर से धमकी दी। इस बीच, महिला के साथ हुई मारपीट का एक वीडियो और राजू सोनी के भाजपा नेत्री के साथ कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं। 26 मार्र को दोबारा थाने पहुंची थी महिला
कोतवाली टीआई श्यामचंद्र शर्मा ने बताया कि प्रेमनगर पार्ट-2 निवासी महिला ने मारपीट और अन्य महिला से संबंध के संबंध में आवेदन दिया था। मारपीट का वीडियो भी सामने आया था। उन्होंने बताया कि पहले भी दोनों पक्ष थाने आए थे, लेकिन शाम को राजीनामा हो गया था। 26 मार्च को दोबारा आवेदन मिलने के बाद राजू सोनी को गिरफ्तार कर एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जमानत मिल गई। पद से हटाया तो महिला बोली- राखी के संबंध
इस घटना के बाद मंगलवार शाम को भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सेंधव ने मंडल अध्यक्ष देवेंद्र नवगोत्री की अनुशंसा पर महिला नेत्री और मंत्री राजू सोनी को उनके पदों से तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया। मामले में पद से हटाई गई महिला नेत्री ने अपने बचाव में कहा है कि उनके राजू सोनी से राखी-धागे के संबंध थे। उन्होंने इसे एक राजनीतिक षड़यंत्र का शिकार बताया और कहा कि वह मानहानि का दावा करेंगी।



Source link