अनूपपुर में मालगाड़ी की चपेट में आई महिला, मौत: पटरी पार करते समय हुआ हादसा, प्रयागराज जा रही थी – Anuppur News

अनूपपुर में मालगाड़ी की चपेट में आई महिला, मौत:  पटरी पार करते समय हुआ हादसा, प्रयागराज जा रही थी – Anuppur News




अनूपपुर रेलवे जंक्शन पर प्रयागराज जाने के लिए पटरी पार कर रही 47 साल की महिला मालगाड़ी की चपेट में आ गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना मंगलवार रात देर रात की है। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल हमीदा बेगम को तत्काल जिला अस्पताल अनूपपुर ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतका की पहचान वार्ड नंबर 10, ग्राम पंचायत जमुडी, थाना अनूपपुर निवासी हमीदा बेगम (47), पति स्व. मुख्तार के रूप में हुई है। पटरी पार करते समय मालगाड़ी की चपेट में आई जिला अस्पताल चौकी प्रभारी कमलेश परस्ते ने बताया कि बुधवार सुबह शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हमीदा बेगम रात करीब 8:30 बजे प्रयागराज जाने के लिए प्लेटफार्म नंबर 1 से प्लेटफार्म नंबर 3/4 की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पटरी पार करते समय वह मालगाड़ी की चपेट में आ गईं। दरअसल, अनूपपुर जंक्शन पर प्लेटफार्म नंबर 1 से प्लेटफार्म नंबर 3/4 तक जाने के लिए यात्रियों के लिए पर्याप्त और सुविधाजनक ओवरब्रिज उपलब्ध नहीं है। यात्रियों को अक्सर जान जोखिम में डालकर पटरी पार करने पर मजबूर होना पड़ता है। जंक्शन पर यात्रियों के लिए नहीं है ओवरब्रिज रेलवे द्वारा संचालित ओवरब्रिज टिकट काउंटर से लगभग 300 मीटर दूर स्थित है, जिससे यात्रियों को असुविधा होती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अनूपपुर जंक्शन पर लंबे समय से नए ओवरब्रिज की मांग की जा रही है। टिकट घर के पास स्थित पुराना पैदल पुल भी तोड़ा जा चुका है, लेकिन नए पुल का निर्माण कार्य धीमी गति से चल रहा है। इस मामले को शून्य पर कायम कर आगे की जांच के लिए रेलवे पुलिस को भेजा जाएगा।



Source link