खंडवा के 2.60 लाख बिजली उपभोक्ताओं देना होगा बढ़ा बिल, हर महीने 1 करोड़ का अतिरिक्त भार

खंडवा के 2.60 लाख बिजली उपभोक्ताओं देना होगा बढ़ा बिल, हर महीने 1 करोड़ का अतिरिक्त भार


Khandwa News: खंडवा में अब बिजली उपभोक्ताओं को बड़ा झटका लगने वाला है. पहले से ही महंगाई और बढ़ते बिलों से परेशान लोगों की जेब पर अब और असर पड़ेगा. दरअसल, मप्र विद्युत नियामक आयोग ने बिजली दरों में 4.80 प्रतिशत की बढ़ोतरी को मंजूरी दे दी है, जिसका सीधा असर जिले के लाखों उपभोक्ताओं पर पड़ेगा.

2.60 लाख उपभोक्ताओं पर असर
जिले में कुल 3.50 लाख बिजली उपभोक्ता हैं. इनमें से लगभग 90 हजार कृषि कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं को राहत दी गई है. उनके टैरिफ में कोई बदलाव नहीं किया गया है. लेकिन घरेलू, व्यवसायिक और इंडस्ट्री से जुड़े करीब 2.60 लाख उपभोक्ताओं को अब बढ़ी हुई दरों का सामना करना पड़ेगा.

हर महीने बढ़ेगा 1 करोड़ का भार
जानकारी के मुताबिक, नए टैरिफ लागू होने के बाद जिले के उपभोक्ताओं पर हर महीने करीब 1 करोड़ रुपये का अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा. अभी तक बिजली कंपनी हर महीने करीब 20 करोड़ रुपये के बिल जारी करती है, जो अब बढ़कर करीब 21 करोड़ रुपये तक पहुंच जाएगा.

1 अप्रैल से लागू, मई में आएगा झटका
नई बिजली दरें 1 अप्रैल से लागू हो चुकी हैं. इसका असर उपभोक्ताओं को मई महीने में आने वाले बिजली बिल में दिखाई देगा. हालांकि, 100 से 150 यूनिट तक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं को फिलहाल राहत मिलेगी और सब्सिडी वाले उपभोक्ताओं का बढ़ा हुआ भार सरकार उठाएगी.

उपभोक्ताओं की बढ़ी चिंता
बिजली उपभोक्ता और समाजसेवी लव जोशी का कहना है कि इस बढ़ोतरी के बाद हर महीने 400 से 500 रुपये तक का अतिरिक्त बिल आ सकता है, जो आम आदमी के लिए बड़ा झटका है.

विरोध भी शुरू
बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. आम उपभोक्ताओं का कहना है कि पहले ही महंगाई ने घर का बजट बिगाड़ रखा है, ऐसे में बिजली बिल का बोझ और बढ़ेगा. वहीं, कांग्रेस ने भी इसका विरोध जताया है. शहर अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि सरकार ने आम जनता पर एक और आर्थिक बोझ डाल दिया है, जिससे हर महीने 200 से 300 रुपये तक का असर पड़ेगा.

शहर में भी बड़ा असर
खंडवा शहर में ही करीब 69 हजार से ज्यादा उपभोक्ता हैं, जिन्हें हर महीने लगभग 6.60 करोड़ रुपये के बिल जारी होते हैं. अब नए टैरिफ के बाद यह आंकड़ा और बढ़ने वाला है. ऐसे में साफ है कि बिजली दरों में यह बढ़ोतरी आम लोगों की जेब पर सीधा असर डालने वाली है. अब देखना होगा कि आने वाले समय में लोग इस बढ़े हुए बिल से कैसे निपटते हैं.



Source link