विजयराघवगढ़ पुलिस ने मोबाइल दुकान में हुई चोरी का मामला सुलझा लिया है। पुलिस ने एक चोर को गिरफ्तार किया है और उसके पास से चोरी के 85 हजार रुपए के मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल की गई बिना नंबर वाली पल्सर बाइक जब्त की है। इस मामले में दो और आरोपी अभी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। विजयराघवगढ़ के वार्ड नंबर 9 में रहने वाले अश्फाक हुसैन की मेन रोड पर ‘के.जी.एन. मोबाइल’ के नाम से दुकान है। 28 और 29 मार्च की रात को चोरों ने दुकान का शटर उखाड़ा और अंदर घुस गए। उन्होंने दुकान से 18 मोबाइल फोन और काउंटर में रखे 15 हजार रुपए नकद पार कर दिए थे। अश्फाक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू की थी। पूछताछ में चोर ने कबूला जुर्म पुलिस ने शक के आधार पर कैमोर इलाके के धवैया गांव के रहने वाले महाबीर बर्मन को पकड़ा। जब पुलिस ने उससे पूछताछ की, तो उसने सच उगल दिया। महाबीर ने बताया कि वह अपने दो साथियों, रहीश खान और अली के साथ बिना नंबर की बाइक पर आया था और लोहे की रॉड से शटर का ताला तोड़कर चोरी की थी। उसने यह भी माना कि उसने रीवा और बरही जैसे दूसरे जिलों में भी चोरियां की हैं। फरार साथियों की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस ने पकड़े गए महाबीर के पास से चोरी के मोबाइल और बाइक जब्त कर ली है। उसे कोर्ट में पेश कर दिया गया है। फिलहाल उसके दो साथी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
Source link