सिवनी जिले में बुधवार शाम को मौसम बदल गया। तेज धूप और उमस के बाद जिले के कई हिस्सों में जोरदार बारिश हुई, वहीं लखनादौन और आदेगांव जैसे इलाकों में ओले भी गिरे। इस बदलाव से लोगों को गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन किसानों की चिंता बढ़ गई। जिले में फसलें पककर तैयार हैं और कटाई का काम चल रहा है। कई जगहों पर कटी हुई फसलें खुले आसमान के नीचे खेतों में ही रखी हैं। ऐसे में अचानक हुई इस बारिश और ओलावृष्टि से फसलों के खराब होने का डर सता रहा है। लखनादौन, आदेगांव और धूमा में तेज हवा की वजह से खड़ी फसलें भी जमीन पर बिछ गई हैं। शाम से रात तक रुक-रुक कर हुई बारिश सिवनी शहर के साथ-साथ कुरई, केवलारी और बरघाट में शाम होते ही घने बादल छा गए और तेज बारिश शुरू हो गई। रात साढ़े आठ बजे तक रुक-रुक कर पानी गिरता रहा और बिजली भी कड़कती रही। मौसम खराब होने की वजह से शहर के कई इलाकों में बार-बार बिजली गुल होने की समस्या भी बनी रही। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले समय में भी ऐसी ही बारिश और गरज-चमक बनी रह सकती है। प्रशासन ने जारी की सावधानी की सलाह मौसम के बिगड़े मिजाज को देखते हुए कलेक्टर शीतला पटले ने लोगों से सावधान रहने की अपील की है। उन्होंने लोगों को सलाह दी है कि खराब मौसम के दौरान खेतों में काम करने से बचें और सुरक्षित जगहों पर रहें। साथ ही, आंधी-तूफान और बिजली गिरने के डर को देखते हुए पशुओं को खुले में न छोड़ने और खुद भी घरों के अंदर रहने को कहा है।
Source link