महिंद्रा एंड महिंद्रा (M&M) ने मार्च 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए घरेलू बाजार में 60,272 यूटिलिटी व्हीकल्स (SUVs) की बिक्री दर्ज की है. ये आंकड़ा पिछले साल मार्च 2025 के 48,048 यूनिट्स की तुलना में 25 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्शाता है. कुल ऑटो सेल्स की बात करें तो कंपनी ने मार्च में 99,969 वाहनों की बिक्री की, जो पिछले साल की समान अवधि की तुलना में 21 प्रतिशत अधिक है. इस उपलब्धि के साथ महिंद्रा ने FY26 को रिकॉर्ड स्तर पर समाप्त किया है.
कंपनी के ऑटोमोटिव डिवीजन के सीईओ नलिनीकांत गोल्लागुंटा ने कहा कि वित्तीय वर्ष सकारात्मक नोट पर समाप्त हुआ. हमने SUV और LCV (<3.5T) दोनों सेगमेंट में अब तक का सबसे ऊंचा वॉल्यूम हासिल किया है. मार्च में SUV सेल्स 60,272 यूनिट्स रही, जो 25 प्रतिशत की ग्रोथ है, जबकि LCV सेल्स 24,928 यूनिट्स के साथ 11 प्रतिशत बढ़ी. कुल वाहन बिक्री 99,969 यूनिट्स रही, जो 21 प्रतिशत सालाना ग्रोथ है.
SUVs का दबदबा!
मार्च 2026 में महिंद्रा की SUV बिक्री में स्कॉर्पियो रेंज, थार, बोलेरो और नई लॉन्च हुई XUV 7XO जैसे मॉडल्स का बड़ा योगदान रहा. स्कॉर्पियो सीरीज लगातार टॉप सेलर बनी हुई है, जबकि थार और XUV700 वेरिएंट्स भी मजबूत डिमांड दिखा रहे हैं. नई XUV 7XO को बाजार से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है, जिससे कंपनी को अतिरिक्त वॉल्यूम मिल रहा है. कुल मिलाकर, मार्च में कुल SUV सेल्स (एक्सपोर्ट्स सहित) 62,109 यूनिट्स रही.
FY26 के पूरे साल की बात करें तो महिंद्रा ने रिकॉर्ड 6,60,276 नई SUV बेची हैं, जो पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में करीब 20 प्रतिशत की वृद्धि है. इसी तरह LCV सेगमेंट में भी 2,89,597 यूनिट्स की बिक्री के साथ 13 प्रतिशत ग्रोथ दर्ज की गई. अप्रैल-फरवरी FY26 में ही कंपनी ने 6 लाख से अधिक पैसेंजर व्हीकल्स बेचे थे और मार्च के आंकड़ों ने इसे नई ऊंचाई पर पहुंचा दिया. इस सफलता से महिंद्रा ने नॉन-मारुति सुजुकी कैटेगरी में सबसे ज्यादा PV सेल्स का रिकॉर्ड बनाने की ओर मजबूत कदम बढ़ाया है.
सेल्स एनालिसिस
इस ग्रोथ के पीछे कई कारण हैं. भारतीय बाजार में SUV की डिमांड लगातार बढ़ रही है, खासकर प्रीमियम और लाइफस्टाइल SUVs की. महिंद्रा ने पिछले कुछ वर्षों में अपने पोर्टफोलियो को मजबूत किया है. थार को ऑफ-रोडिंग प्रेमियों का पसंदीदा बनाया, स्कॉर्पियो को अफोर्डेबल और टफ इमेज दी, जबकि XUV700/XUV 7XO जैसी लग्जरी SUVs ने ऊपरी सेगमेंट में जगह बनाई है. कंपनी की नई प्रोडक्ट स्ट्रैटजी, बेहतर फीचर्स, कस्टमर-फोकस्ड डिजाइन और मार्केटिंग ने बिक्री को बढ़ावा दिया है.
ट्रैक्टर सेगमेंट में भी महिंद्रा ने शानदार प्रदर्शन किया. मार्च 2026 में डोमेस्टिक ट्रैक्टर सेल्स 43,403 यूनिट्स रही, जो 33 प्रतिशत सालाना ग्रोथ है. पूरे महीने में कुल ट्रैक्टर बिक्री 45,035 यूनिट्स रही, जो 29 प्रतिशत बढ़ी है. फार्म इक्विपमेंट बिजनेस के प्रेसिडेंट विजय नाकरा ने कहा कि नवरात्रि का पूरा मौसम मार्च में पड़ने से रूरल डिमांड बढ़ी.