इंदौर के होलकर साइंस कॉलेज में परीक्षा के दौरान जमकर हंगामा हो गया। एमएससी प्रथम वर्ष की सीसीई परीक्षा के बीच कुछ छात्र लैब में घुस आए और तोड़फोड़ कर दी। घटना से कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी मच गई और परीक्षा बाधित हो गई। घटना बुधवार की है, लेकिन इसका सीसीटीवी गुरुवार को वायरल हुआ है। भंवरकुआ पुलिस के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब 1 बजे लैब क्रमांक-1 में परीक्षा के दौरान आरोपी छात्र अचानक अंदर घुस आए और छात्रों व स्टाफ के सामने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने प्रयोगशाला के उपकरणों में तोड़फोड़ की, जिससे वहां मौजूद छात्र-छात्राओं में दहशत फैल गई। पूरी घटना कॉलेज में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। घटना के बाद प्राचार्या की शिकायत पर भंवरकुआ थाना पुलिस ने आरोपी विकेंद्र सिंह, लोकपाल, चमनदीप, अभय गुर्जर सहित अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं और सार्वजनिक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। 4 छात्र गिरफ्तार, जेल भेजे गए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार छात्रों को गिरफ्तार किया है। चारों को शांति भंग करने के आरोप में धारा 151 के तहत जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना में शामिल अन्य छात्रों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।
Source link