जिला अस्पताल में डॉक्टर के 17 पद, 4 ही तैनात: अशोकनगर विधायक निरीक्षण करने पहुंचे तो एक ही ऑन ड्यूटी मिला, मरीज परेशान – Ashoknagar News

जिला अस्पताल में डॉक्टर के 17 पद, 4 ही तैनात:  अशोकनगर विधायक निरीक्षण करने पहुंचे तो एक ही ऑन ड्यूटी मिला, मरीज परेशान – Ashoknagar News




अशोकनगर विधायक हरि बाबू राय ने गुरुवार को जिला अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान ओपीडी में उन्हें सिर्फ एक डॉक्टर मिला, जबकि अधिकांश केबिन खाली थे। इससे मरीजों को इलाज कराने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। विधायक को मरीजों से सूचना मिली थी कि डॉक्टरों की कमी के कारण उन्हें इलाज कराने में दिक्कतें आ रही हैं। इसी जानकारी के आधार पर विधायक हरिबाबू राय अस्पताल पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने भर्ती मरीजों से भी मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। निरीक्षण के दौरान जब विधायक ओपीडी पहुंचे, तो डॉ. के एल राहुल को छोड़कर अन्य सभी केबिन खाली मिले। इस स्थिति पर उन्होंने गहरी नाराजगी व्यक्त की। विधायक ने मौके पर ही सिविल सर्जन डॉ. भूपेंद्र शेखावत को बुलाया और अस्पताल की मौजूदा स्थिति पर विस्तृत चर्चा की। डॉक्टरों के 17 में से 13 पद खाली
सिविल सर्जन डॉ. शेखावत ने विधायक को बताया कि अस्पताल में स्वीकृत 17 डॉक्टरों के पदों के मुकाबले केवल 4 डॉक्टर ही कार्यरत हैं। डॉक्टरों की इस भारी कमी के कारण स्वास्थ्य सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो रही हैं। विधायक ने बढ़ती गर्मी को देखते हुए अस्पताल में कूलर और पंखों की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश दिए। इसके अलावा, व्हीलचेयर उपलब्ध न होने पर एक मरीज की मदद के लिए विधायक स्वयं आगे आए। इस दौरान विधायक ने डायलिसिस यूनिट वार्ड का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां मौजूद मरीजों से बातचीत कर उनके उपचार संबंधी जानकारी ली और जिले में इस सुविधा की उपलब्धता पर संतोष व्यक्त किया। कहा- मरीजों को परेशानी नहीं होना चाहिए
विधायक राय ने शाढौरा, ईसागढ़ और चंदेरी क्षेत्र के मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इन स्थानों के अस्पतालों में भी डायलिसिस यूनिट स्थापित करने के लिए पत्र लिखने को कहा, ताकि मरीजों को दूर न जाना पड़े। विधायक हरि बाबू राय ने कहा कि मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि अस्पताल की व्यवस्थाओं में जल्द ही सुधार किया जाएगा।



Source link