Last Updated:
Fakhar Zaman challenged hi ban: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में फखर जमान को बॉल टेम्परिंग के मामले में दो मैचों के लिए बैन किया गया है, लेकिन अब लाहौर कलंदर्स के लिए इस खिलाड़ी ने अपने बैन को चुनौती दी है. बॉल से छेड़छाड़ के मामले में फखर जमान को ऑन फील्ड अंपायर ने सरेआम पकड़ा था.
फखर जमान ने दो मैचों के बैन को दी चुनौती
नई दिल्ली: पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में पहले मैच से ही बवाल जारी है. ब्रॉडकास्टिंग की खराब व्यवस्था हो या फिर विदेशी खिलाड़ियों का लीग छोड़ना. पीएसएल के इस सीजन में हर मैच में कुछ ना कुछ विवाद हो रहा है. इस विवाद कड़ी में अब फखर जमान का नया शिगूफा सामने आया है. दरअसल, लीग में लाहौर कलंदर्स के ओपनर बल्लेबाज फखर जमान को बॉल टेम्परिंग मामले में दो मैचों का बैन लगा है, लेकिन अब फखर जमान ने अपने ऊपर लगे बैन को चुनौती दी है.
फखर जमान पर लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के मैच के दौरान गेंद से छेड़छाड़ करने का आरोप लगा था. पाकिस्तान के जियो न्यूज के मुताबिक जमान ने पीएसएल टेक्निकल कमेटी के पास इस सस्पेंशन के खिलाफ अपील दायर की है.
कैसे पकड़ में आए थे फखर जमान
कराची किंग्स के खिलाफ मैच के आखिरी ओवर से पहले गेंद शाहीन अफरीदी, फखर जमान के हाथों से होकर आखिर में गेंदबाज हारिस रऊफ को दी गई. ऑन-फील्ड अंपायर ने इस घटना पर नजर रखी और तुरंत रऊफ से गेंद मांगी, जांच के बाद पाया कि गेंद की हालत बदल गई थी और रिप्लेसमेंट मांगा गया. इसके अलावा किंग्स को पांच रन की पेनल्टी भी दी गई.
पेनल्टी से पहले कराची किंग्स को छह गेंदों में 14 रन चाहिए थे जो घटकर 9 रन हो गए. आखिरी ओवर में कराची किंग्स के अब्बास अफरीदी ने एक चौका और एक छक्का लगाकर टीम को चार विकेट से जीत दिलाई. बाद में मैच अधिकारियों, जिसमें ऑन-फील्ड अंपायर फैसल खान आफरीदी, शाहिद सैकट, टीवी अंपायर आसिफ याकूब और चौथे अंपायर तारिक रशीद ने जमान के खिलाफ आरोप लगाया. सुनवाई के बाद मैच रेफरी रोशन महानामा ने निष्कर्ष निकाला कि जमान ने गेंद के साथ छेड़छाड़ की थी.
फखर जमान के खिलाफ पाए गए सबूत
35 साल के फखर जमान को पीएसएल के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 41.3 का उल्लंघन करने का दोषी पाया गया और अधिकतम दो मैचों का बैन लगाया गया. पीसीबी ने बयान में कहा, “मैच रेफरी रोशन महानामा ने अनुशासनात्मक सुनवाई की और सभी सबूतों की समीक्षा के बाद फखर को व्यक्तिगत सुनवाई का मौका दिया. लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, टीम डायरेक्टर समीम राणा और टीम मैनेजर फारूक अनवर भी सुनवाई में मौजूद थे.”
About the Author
अक्टूबर 2025 से नेटवर्क 18 समूह में चीफ सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 9 साल का अनुभव. एबीपी न्यूज डिजिटल में स्पोर्ट्स बीट से करियर की शुरुआत। इंडिया टीवी और नवभारत टाइम्स ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित संस्…और पढ़ें