मऊगंज जिले के खटखरी गांव में पानी की टंकी गिरने के मामले में कलेक्टर ने त्वरित कार्रवाई की है। बुधवार शाम 5 बजे जारी आदेश में तीन सदस्यीय तकनीकी जांच टीम का गठन किया गया है। टीम को एक सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। कलेक्टर द्वारा गठित जांच टीम में रीवा इंजीनियरिंग कॉलेज के प्राचार्य डॉ. आर.पी. तिवारी, प्रधानाध्यापक डॉ. डी.के. जैन और लोक निर्माण विभाग मऊगंज के कार्यपालन यंत्री नितिन पटेल को शामिल किया गया है। कलेक्टर के आदेशानुसार, जांच टीम को टंकी गिरने के तकनीकी कारणों की गहन पड़ताल करने के निर्देश दिए गए हैं। टीम निर्माण कार्य की गुणवत्ता, उपयोग की गई सामग्री, डिजाइन और पूरी निर्माण प्रक्रिया सहित सभी संबंधित पहलुओं की जांच करेगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। टीम को अपनी रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर कलेक्टर कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी।
Source link