सिगरेट फेंकने से रोका तो युवक को बेरहमी से पीटा: ग्वालियर में अपहरण का किया प्रयास; ‘विधायक साहब सिंह गुर्जर को चाचा’ बताकर धमकाया – Gwalior News

सिगरेट फेंकने से रोका तो युवक को बेरहमी से पीटा:  ग्वालियर में अपहरण का किया प्रयास; ‘विधायक साहब सिंह गुर्जर को चाचा’ बताकर धमकाया – Gwalior News




ग्वालियर के अलकापुरी क्षेत्र में एक युवक के साथ सरेआम मारपीट और अपहरण के प्रयास का मामला सामने आया है। युवक को जलती सिगरेट फेंकने से रोकने पर कार सवार युवकों ने उसे पीटा और कार में डालकर अगवा करने की कोशिश की। यह घटना बुधवार शाम करीब 7:30 बजे विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र में हुई। अलकापुरी निवासी अमित सिंह भदौरिया (41) अपनी बाइक से घर लौट रहे थे। अलकापुरी तिराहे पर एक खड़ी कार के पास से गुजरते समय ड्राइविंग सीट पर बैठे युवक ने उन पर जलती सिगरेट फेंक दी। अमित सिंह ने जब युवक को टोका, तो वह भड़क गया। युवक ने अपना नाम अजय गुर्जर बताते हुए धमकी दी कि वह ओहदपुर में ‘कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर का चाचा’ है और उसे चुपचाप निकल जाने को कहा। धमकी के बाद अमित वहां से निकल गए, लेकिन उन्होंने आरोपी का पीछा किया और नटराज एस्टेट के पास उसे रोक लिया। इसी दौरान आरोपी अजय ने अपने साथी विजय गुर्जर और 4-5 अन्य लोगों को मौके पर बुला लिया। सभी ने मिलकर अमित सिंह के साथ मारपीट की। पीड़ित अमित सिंह का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें जबरन कार में पटक दिया, उनका गला दबाया और अपहरण करने का प्रयास किया। मारपीट के दौरान उनकी सोने की अंगूठी भी गायब हो गई, जिस पर उन्हें आरोपियों द्वारा छीने जाने का संदेह है। विश्वविद्यालय पुलिस ने पीड़ित की शिकायत और जांच के बाद बुधवार देर रात आरोपी अजय गुर्जर, विजय गुर्जर और चार अन्य अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटना के आधार पर जांच कर रही है और फरार आरोपियों की तलाश जारी है। अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि मारपीट करने वाले ग्रामीण कांग्रेस विधायक साहब सिंह गुर्जर के भतीजे हैं। सिगरेट फेंकने का विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई और अपहरण का प्रयास भी किया गया।इतना ही नहीं थाने पर उनकी रिपोर्ट भी नहीं लिखी जा रही थी, कई घंटे के बाद पुलिस ने उनकी शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज तो की लेकिन उनका मेडिकल नहीं कराया गया था। दूसरे दिन गुरुवार को उनका मेडिकल कराया गया है।



Source link