Last Updated:
KKR vs SRH Highlights: सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइटराइडर्स को उसके घर में जाकर 65 रन से हरा दिया. हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 226 का स्कोर खड़ा किया. मौजूदा आईपीएल का यह सबसे बड़ा स्कोर था. हेनरिक क्लासेन ने शानदार अर्धशतक जड़ा जबकि ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा हाफ सेंचुरी चूक गए.
सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइटराइडर्स को उसके घर में हराया.
नई दिल्ली. सनराइजर्स हैदराबाद ने आईपीएल 2026 का सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ 65 रन से शानदार जीत दर्ज की. कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ हैदराबाद ने पहले बैटिंग करते हुए 8 विकेट पर 226 रन बनाए. हेनरिक क्लासेन ने जहां 35 गेंदों पर 52 रन की पारी खेली वहीं अभिषेक शर्मा 48 रन बनाकर पवेलियन लौटे.ट्रेविस हेड ने 21 गेंदों पर 46 रन बनाए. नितीश रेड्डी ने 24 गेंदों पर 39 रन की पारी खेली. हैदराबाद की दो मैचों में यह पहली जीत है जबकि केकेआर की यह लगातार दूसरी हार है.
227 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी केकेआर टीम 16 ओवर में 161 रन पर ढेर हो गई. फिन एलन और अजिंक्य रहाणे की ओपनिंग जोड़ी ने तेज शुरुआत दिलाई. केकेआर ने शुरुआती 9 गेंदों पर 31 रन बना लिए थे. दूसरे ओवर की तीसरी गेंद पर स्पिनर हर्ष दुबे ने एलन को अपनी ही गेंद पर कैच कर उन्हें पवेलियन भेज दिया.एलन 7 गेंदों पर 28 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद कप्तान रहाणे भी सस्ते में आउट होकर चलते बने. रहाणे 10 गेंदों पर आठ रन बनाए. हालांकि इस दौरान युवा रघुवंशी ने 29 गेंदों पर 52 रन की पारी खेलकर टीम की उम्मीदें जगाई लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे. रिंकू सिंह 25 गेंदों पर 35 रन बनाकर आउट हुए. कैमरन ग्रीन 2 रन बनाकर रनआउट हुए.
सनराइजर्स हैदराबाद ने कोलकाता नाइटराइडर्स को उसके घर में हराया.
इससे पहले, ब्लेसिंग मुजरबानी ने केकेआर के लिए चार विकेट झटके. लेकिन हेनरिक क्लासेन के जुझारू अर्धशतक की बदौलत सनराइजर्स ने 8 विकेट पर 226 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर खड़ा किया. ट्रेविस हेड ने 21 गेंदों पर 46 रन की विस्फोटक पारी खेलकर लय में वापसी की, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 48 रन ठोके. दोनों ने पहले विकेट के लिए महज 34 गेंदों में 82 रन की शानदार साझेदारी से एक बार फिर टीम को विस्फोटक शुरुआत दिलाई. कप्तान अजिंक्य रहाणे के गेंदबाजी करने के फैसले के बाद केकेआर के अनुभवहीन आक्रमण के खिलाफ हैदराबाद ने शुरुआत में ही लगभग 15 रन प्रति ओवर की रफ्तार से रन बनाकर लय पकड़ ली.
कार्तिक त्यागी ने छठे ओवर में खतरनाक हेड को आउट कर इस आक्रामक साझेदारी को तोड़ा. इसके बाद मुजरबानी ने तीन गेंदों में दो विकेट लेकर मैच का रुख पलटने की कोशिश की. उन्होंने कप्तान इशान किशन (14) और क्रीज पर समय बिता चुके अभिषेक को पवेलियन भेजा. सनराइजर्स की टीम आठ ओवर में एक विकेट पर 110 रन बनाकर बेहद मजबूत स्थिति में थी, लेकिन इसके बाद उनकी पारी अचानक लड़खड़ा गई. टीम ने महज सात रन के भीतर तीन विकेट गंवा दिए. छठे गेंदबाजी विकल्प स्पिनर अनुकूल रॉय ने अनिकेत वर्मा (एक) को आउट कर सनराइजर्स पर दबाव और बढ़ा दिया. सनराइजर्स ने सात गेंदों में तीन विकेट खो दिए.
बाउंड्री रुकने और रनगति धीमी पड़ने के बीच क्लासेन और नीतिश कुमार रेड्डी (39) को पारी संभालनी पड़ी. दोनों ने 53 गेंद में 82 रन की साझेदारी कर आखिरी ओवरों में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की नींव रखी. वैभव अरोड़ा ने 19वें ओवर में रेड्डी का विकेट लेकर हैदराबाद की रफ्तार पर अंकुश लगाया, लेकिन क्लासेन के संयमित अर्धशतक ने टीम को 220 के पार पहुंचा दिया. जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज मुजरबानी ने अंतिम ओवर में क्लासेन (35 गेंदों में 52) और शिवांग कुमार (चार) के विकेट लेकर अपने आंकड़े 41 रन पर चार विकेट कर लिए.
इससे पहले शुरुआत में चार गेंदों में एक रन बनाने वाले हेड ने जल्द ही तेवर बदलते हुए अगली नौ गेंदों में पांच चौके और दो छक्के जड़कर पावरप्ले में रनगति करीब 15 प्रति ओवर पहुंचा दी. वैभव अरोड़ा ने उन्हें पैर के पास गेंदबाजी कर रोकने की कोशिश की, लेकिन हेड पूरी लय में नजर आए. अच्छी उछाल और गति वाली पिच पर गेंद आसानी से बल्ले पर आ रही थी और हेड ने स्क्वायर लेग के ऊपर शानदार छक्का लगाया. केकेआर के अनुभवहीन गेंदबाजी आक्रमण की कलई एक बार फिर खुल गई. सुनील नारायण को जल्दी गेंदबाजी पर लाया गया और एक मौका भी बना, लेकिन कप्तान रहाणे कैच तक नहीं पहुंच सके. हेड शुरुआती ओवरों में हावी रहे, वहीं अभिषेक ने संयम दिखाने के बाद वरुण चक्रवर्ती के खिलाफ एक ओवर में तीन चौके और एक छक्का जड़कर टीम को पांच ओवर में बिना किसी नुकसान के 71 रन तक पहुंचा दिया. चक्रवर्ती ने अपने पहले ओवर में 25 रन लुटाए.
इसके बाद इशान किशन ने भी कार्तिक त्यागी पर लगातार तीन चौके जड़कर आक्रामकता जारी रखी. नौवें ओवर में हालांकि मुजरबानी को गेंद सौंपने का फैसला निर्णायक साबित हुआ. इसमें रिंकू सिंह के शानदार क्षेत्ररक्षण ने अहम भूमिका निभाई. उन्होंने पहले डीप कवर-पॉइंट पर किशन का बेहतरीन कैच लपका और फिर अभिषेक के पुल शॉट पर भी अहम कैच पूरा किया. क्लासेन और रेड्डी ने बीच के ओवरों में संभलकर खेलने के बाद आखिरी ओवरों में तेजी से रन जुटाकर सनराइजर्स को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें