Last Updated:
Blessing Muzarabani Purple Cap: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स के नए हथियार ब्लेसिंग मुजरबानी ने ईडन गार्डन्स में कोहराम मचा दिया. जिम्बाब्वे के इस 6 फीट 8 इंच लंबे गेंदबाज ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 4 विकेट झटककर न केवल अपनी टीम की वापसी कराई, बल्कि जैकब डफी को पछाड़कर पर्पल कैप पर भी कब्जा कर लिया है. मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के तौर पर आए मुजरबानी ने अपनी घातक उछाल और सटीक स्लोअर गेंदों से साबित कर दिया कि वह इस सीजन के सबसे बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं.
मुजरबानी ने आईपीएल के अपने दूसरे मैच में 4 विकेट लेकर पर्पल कैप छीन ली.
नई दिल्ली. आईपीएल का मंच हमेशा से उन खिलाड़ियों के लिए रहा है जो अपनी प्रतिभा के दम पर दुनिया का ध्यान खींचते हैं. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ आईपीएल के छठे मैच में कोलकाता के ईडन गार्डन्स में एक नया इतिहास रचा गया. जब कोलकाता नाइट राइडर्स के नए तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ अपनी घातक गेंदबाजी से तहलका मचा दिया. 6 फीट 8 इंच लंबे इस गेंदबाज ने न केवल केकेआर की मैच में वापसी कराई, बल्कि आईपीएल 2026 की पर्पल कैप पर भी अपना कब्जा जमा लिया.
ब्लेसिंग मुजरबानी (Blessing Muzarabani) का केकेआर में शामिल होना एक इत्तेफाक था. भारत और बांग्लादेश के बीच राजनीतिक तनाव के चलते बीसीसीआई के निर्देशों पर बांग्लादेशी गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज करना पड़ा था. केकेआर को एक ऐसे गेंदबाज की जरूरत थी जो ऊंचाई का फायदा उठा सके और डेथ ओवरों में विकेट निकाल सके. फ्रेंचाइजी ने जिम्बाब्वे के इस दिग्गज पर भरोसा जताया और मुजरबानी ने अपने दूसरे ही मैच में इसे सही साबित कर दिया. जब केकेआर ने मुजराबानी को अपने साथ जोड़ने का ऐलान किया, तब प्रशंसकों को उम्मीद थी कि वह गेंदबाजी में गहराई प्रदान करेंगे, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि वह आते ही लीग के सबसे सफल गेंदबाज बन जाएंगे. मुजरबानी ने जैकब डफी को पीछे छोड़ते हुए पर्पल कैप की रेस में टॉप स्थान हासिल कर लिया है. अब 2 मैचों में 4 विकेट के साथ वह इस लिस्ट में सबसे ऊपर हैं.
मुजरबानी ने आईपीएल के अपने दूसरे मैच में 4 विकेट लेकर पर्पल कैप छीन ली.
ईडन गार्डन्स में मुजरबानी के विकेटों का चौका
सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में मुजरबानी की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी.उन्होंने अपने पहले ही ओवर में 16 रन लुटा दिए थे और ऐसा लग रहा था कि हैदराबाद के बल्लेबाज उन्हें आसानी से खेल रहे हैं. लेकिन असली खेल अभी बाकी था. मुजरबानी ने शानदार वापसी की और अपने स्पैल के अंत तक 4 ओवर में 41 रन देकर 4 बड़े विकेट चटकाए. मुजरबानी ने खतरनाक दिख रहे किशन को मुजरबानी ने शॉर्ट और वाइड गेंद पर चकमा दिया, जिसे रिंकू सिंह ने लपका. 48 रनों पर खेल रहे अभिषेक को धीमी शॉर्ट गेंद (112 किमी/घंटा) पर आउट कर मुजरबानी ने केकेआर को मैच में वापस ला दिया. अर्धशतक बनाने के बाद क्लासेन जब और आक्रामक हो रहे थे, तब मुजरबानी ने उन्हें पवेलियन भेजकर हैदराबाद की रफ्तार रोकी. पारी की आखिरी गेंद पर डेब्यू कर रहे शिवांग को आउट कर उन्होंने अपना चौथा शिकार पूरा किया.
जिम्बाब्वे का गौरव और आईपीएल का अनुभव
29 वर्षीय मुजरबानी आईपीएल के लिए नए नहीं हैं. पिछले साल वह रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) का हिस्सा थे, जहां उन्हें लुंगी एनगिडी की जगह रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल किया गया था. हालांकि, उस सीजन में आरसीबी चैंपियन बनी लेकिन मुजरबानी को एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला. इस साल केकेआर की जर्सी पहनते ही उन्हें अपनी काबिलियत दिखाने का मौका मिला और उन्होंने इसे दोनों हाथों से लपका.
गेंदबाजी में वैरायटी से अभिषेक और क्लासेन को फंसाया
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भी मुजरबानी का प्रदर्शन लाजवाब रहा था. जहां वह जिम्बाब्वे के सबसे सफल गेंदबाज रहे थे. उन्होंने 6 मैचों में 13 विकेट झटके थे. यही फॉर्म वह अब आईपीएल में भी बरकरार रखे हुए हैं. केकेआर ने अपने बयान में सही कहा था कि उनकी 6 फीट 8 इंच की लंबाई उन्हें एक विशेष उछाल (Steep Bounce) प्रदान करती है, जिसे खेलना किसी भी बल्लेबाज के लिए आसान नहीं होता. मुजरबानी के पास 80 से अधिक टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों का अनुभव है और 21 की औसत से 90 से ज्यादा विकेट उनके नाम हैं. उनकी सबसे बड़ी ताकत उनकी विविधता है. वह 140 से ज्यादा की स्पीड से गेंद डाल सकते हैं और साथ ही 100-110 किलोमीटर प्रति घंटा की ‘स्लोअर’ गेंदों से बल्लेबाजों को भ्रमित कर सकते हैं, जैसा उन्होंने अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन के खिलाफ किया.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें