MP LIVE: भोजशाला विवाद पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई; भोपाल मेट्रो का टाइम फिर बदला

MP LIVE: भोजशाला विवाद पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई; भोपाल मेट्रो का टाइम फिर बदला


MP News in Hindi: अगर आप मध्य प्रदेश की हर हलचल से अपडेट रहना चाहते हैं, तो एमपी की ताजा खबरें पढ़ने के लिए हमारे साथ बने रहें. यहां आपको भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर जैसे प्रमुख शहरों के समाचार और सभी जरूरी अपडेट देंगे. इसके अलावा राजनीति, अपराध, मौसम, प्रशासन, क्षेत्र के विकास से जुड़ी और काम की खबरें भी मिलेंगी. चलिए जानते हैं आज मध्य प्रदेश में क्या-क्या है खास. मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ की लेटेस्ट खबरें…

भोपाल मेट्रो का टाइम फिर बदला! अब सिर्फ 9 फेरे, सिग्नलिंग काम के चलते नया शेड्यूल लागू

भोपाल मेट्रो के संचालन समय में एक बार फिर बदलाव किया गया है. अब मेट्रो सुबह 11 बजे से शाम 4:30 बजे तक चलेगी. 3 अप्रैल से नई टाइमिंग लागू होगी, जिसमें पहले के 13 फेरों की जगह अब सिर्फ 9 फेरे लगाए जाएंगे. बताया जा रहा है कि सिग्नलिंग सिस्टम का काम तेजी से पूरा करने के लिए यह फैसला लिया गया है. गौरतलब है कि 20 दिसंबर 2025 को शुरू हुई भोपाल मेट्रो के टाइम में अब तक तीन बार बदलाव हो चुका है, जिससे यात्रियों को थोड़ी असुविधा हो सकती है.

तिहाड़ से आया संदेश! सजा से पहले विधायक राजेंद्र भारती ने दी हनुमान जयंती की शुभकामनाएं

तिहाड़ जेल में बंद विधायक राजेंद्र भारती ने हनुमान जयंती के मौके पर अपने फेसबुक अकाउंट के जरिए प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं. पोस्ट में उन्होंने लिखा कि “हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर दतिया जिले और प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. संकटमोचन हनुमान जी से प्रार्थना है कि सभी को शक्ति, साहस और सेवा भाव प्रदान करें.” खास बात यह है कि आज ही उनकी सजा का एलान होना है, ऐसे में उनका यह संदेश चर्चा में आ गया है.

भोजशाला विवाद पर आज हाईकोर्ट में सुनवाई! ASI रिपोर्ट और आपत्तियों पर होगी बहस

धार की भोजशाला मामले में आज इंदौर हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है. इस दौरान एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण) की सर्वे रिपोर्ट के आधार पर मामले पर चर्चा होगी. साथ ही, इस मुद्दे को लेकर दायर की गई सभी आपत्तियों को भी कोर्ट सुनेगा. भोजशाला विवाद लंबे समय से संवेदनशील बना हुआ है, ऐसे में आज की सुनवाई को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. सभी पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट आगे की कार्रवाई तय करेगा, जिस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं.

दिन में तीन रूप बदलते हैं हनुमान जी! मंडला के सूर्यकुंड धाम में उमड़ी आस्था की भीड़

मंडला जिले में हनुमान जयंती धूमधाम से मनाई गई. सकवाह गांव स्थित प्रसिद्ध सूर्यकुंड धाम हनुमान मंदिर में सुबह ब्रह्म मुहूर्त से ही हजारों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी. मंदिर को दुल्हन की तरह सजाया गया और सुबह 3:45 बजे विशेष पूजा-अर्चना के साथ आतिशबाजी की गई. यहां की खास मान्यता है कि हनुमान जी दिन में तीन रूप बदलते हैं सुबह बाल रूप, दिन में युवा और रात में वृद्ध स्वरूप में दर्शन देते हैं. इस अद्भुत मान्यता को देखने दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचे.

आज हाईकोर्ट में बड़ा फैसला! अमित जोगी को राहत या बढ़ेंगी मुश्किलें?

हनुमान जयंती के दिन आज बिलासपुर हाईकोर्ट में अहम सुनवाई होने जा रही है. यह सुनवाई राम अवतार जग्गी हत्याकांड से जुड़ी है, जिसमें लंबे समय से फैसला लंबित है. मामले की सुनवाई चीफ जस्टिस के न्यायालय में होगी, इसलिए इसे बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है. इस केस में आज यह साफ हो सकता है कि अमित जोगी को राहत मिलेगी या उनकी मुश्किलें और बढ़ेंगी. पूरे प्रदेश की नजरें इस फैसले पर टिकी हुई हैं, क्योंकि इसका राजनीतिक असर भी देखने को मिल सकता है.

देखते रह गए इंसान, ‘वानर सेना’ ने दिखाई इंसानियत! घायल साथी को यूं बचाया

रीवा शहर के उपरहटी मोहल्ले में एक ऐसी घटना सामने आई, जिसने लोगों को बड़ी सीख दे दी. एक बंदर करंट की चपेट में आकर छत से नीचे गिर पड़ा और सड़क पर तड़पता रहा. आसपास मौजूद लोग मदद का इंतजार करते रहे और नगर निगम की टीम को सूचना दी गई, लेकिन मदद पहुंचने में देर हो गई. इसी बीच जो हुआ, उसने सबको भावुक कर दिया. कुछ ही देर में घायल बंदर के साथी वहां पहुंच गए. उन्होंने पहले उसे चारों तरफ से घेरा, फिर मिलकर बड़े ही सावधानी से उठाया और सड़क से हटाकर सुरक्षित जगह पर ले गए. यहां तक कि बिजली के तारों से बचाते हुए उसे ऊपर छत तक पहुंचाया. बंदरों का झुंड काफी देर तक घायल साथी के पास बैठा रहा, मानो उसकी देखभाल कर रहा हो और उसके होश में आने का इंतजार कर रहा हो. यह पूरा नजारा किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था. मौके पर मौजूद लोगों ने इस भावुक पल को कैमरे में कैद कर लिया. नगर निगम की टीम के पहुंचने से पहले ही ‘वानर सेना’ अपना काम कर चुकी थी. इस घटना ने इंसानों को भी एक बड़ा संदेश दिया मदद के लिए हमेशा आगे आना चाहिए.

टेकरी सरकार में आस्था का सैलाब! मंगला आरती से शुरुआत, लाखों भक्तों की उमड़ने की उम्मीद

गुना के प्रसिद्ध टेकरी सरकार मंदिर में हनुमान जयंती के मौके पर भव्य आयोजन की शुरुआत मंगला आरती के साथ हो गई. सुबह करीब सवा 4 बजे मंदिर के पट खोले गए, वहीं रात 12 बजे शयन आरती के साथ पूरे आयोजन का समापन होगा. मंदिर पुजारी जेके महाराज के अनुसार रात 12:30 बजे से ही दर्शन शुरू हो गए थे और इस बार पिछले साल से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने की संभावना है. सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं 350 पुलिसकर्मी और 400 वॉलंटियर्स तैनात हैं. प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं.

जीवाजी यूनिवर्सिटी में बड़ी गड़बड़ी! 3 दिन पहले खुला पेपर, 20 हजार छात्र प्रभावित

जीवाजी विश्वविद्यालय की परीक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है. गुना जिले के आरोन शासकीय कॉलेज में B.Sc थर्ड ईयर फिजिक्स का पेपर समय से तीन दिन पहले ही खोल दिया गया. 4 अप्रैल को होने वाला पेपर 1 अप्रैल को छात्रों में बांट दिया गया, जिसे बाद में वापस ले लिया गया. मामले की जानकारी मिलते ही कॉलेज ने विश्वविद्यालय को सूचित किया. गड़बड़ी के बाद यूनिवर्सिटी ने तुरंत पेपर रद्द कर दिया. अब यह परीक्षा मई में आयोजित की जाएगी. इस पूरे मामले से करीब 20 हजार छात्रों को परेशानी उठानी पड़ी है.

ग्वालियर में बड़ा एक्शन! 51 अवैध कॉलोनी काटने वालों पर FIR, खाली प्लॉट पर प्रशासन करेगा कब्जा

ग्वालियर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपना लिया है. कलेक्टर रुचिका सिंह चौहान ने कलेक्टर न्यायालय में सुनवाई के बाद 51 अवैध कॉलोनी काटने वालों पर FIR दर्ज करने के आदेश दिए हैं. साथ ही इन अवैध कॉलोनियों में पड़े खाली प्लॉट्स पर प्रशासन कब्जा करेगा. इसके अलावा 152 अन्य मामलों की भी जल्द सुनवाई की जाएगी. प्रशासन के इस एक्शन से अवैध कॉलोनी कारोबारियों में हड़कंप मच गया है.

बंगाल फतह मिशन पर सीएम मोहन यादव! 5 सीटों पर प्रचार, नामांकन में होंगे शामिल

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज पश्चिम बंगाल दौरे पर रहेंगे, जहां वे बीजेपी प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी प्रचार करेंगे. सीएम सुबह 9 बजे भोपाल से रवाना होंगे और बांकुरा जिले की पांच विधानसभा सीटों सलतोरा, छरतना, बांकुरा, बरजोरा और ओंडा में उम्मीदवारों के नामांकन कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान वे जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे. दौरे के बाद सीएम दोपहर 3:30 बजे दुर्गापुर से भोपाल लौटेंगे. बता दें कि पश्चिम बंगाल में पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल और दूसरे चरण का 29 अप्रैल को होना है.

चलती ट्रेन में रहस्यमयी मौत! टॉयलेट के पास मिला यात्री का शव, पहचान अब तक नहीं

मैसूर-निजामुद्दीन स्पेशल ट्रेन में एक यात्री की संदिग्ध हालात में मौत हो गई. जानकारी के मुताबिक, ट्रेन के टॉयलेट के पास यात्री का शव मिला, जिससे यात्रियों में हड़कंप मच गया. घटना की सूचना मिलते ही ट्रेन स्टाफ ने तुरंत रेलवे कंट्रोल को अवगत कराया. ट्रेन के ग्वालियर स्टेशन पहुंचने पर जीआरपी ने शव को नीचे उतारा. फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है और मौत के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है.



Source link