किस पर भड़के अजिंक्य रहाणे? कौन दिखा रहा KKR के कप्तान को नीचा?

किस पर भड़के अजिंक्य रहाणे? कौन दिखा रहा KKR के कप्तान को नीचा?


Last Updated:

Ajinkya Rahane IPL 2026 Kolkata Knightriders: कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने अपने स्ट्राइक रेट को लेकर हो रही आलोचना के बारे में कहा कि इस चर्चा के पीछे एक ‘खास एजेंडा’ और ‘ईर्ष्या’ का भाव मौजूद है. रहाणे ने कड़े शब्दों में अपने आलोचकों की धज्जियां उड़ाई है, लेकिन सवाल ये उठता है कि रहाणे ने किसकी बैंड बजाई?

Zoom

कोलकाता नाइटराइडर्स के कप्तान अजिंक्य रहाणे

नई दिल्ली: कोलकाता नाइटराइडर्स की आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों 65 रन की करारी हार के बाद रहाणे के स्ट्राइक रेट पर सवाल उठने लगे हैं. केकेआर की टीम 227 रन की लक्ष्य का पीछा करते हुए 16 ओवर में 161 रन पर आउट हो गई. यह इस सत्र में उसकी लगातार दूसरी हार है. इस हार ने सारा ध्यान रहाणे के प्रदर्शन और स्ट्राइक रेट पर फोकस कर दिया.

10 गेंदों में आठ रन बनाने वाले केकेआर के कप्तान ने अपनी आलोचनाओं पर जो जवाब दिया, अब चारों ओर उसकी ही चर्चा हो रही है. रहाणे ने मैच के बाद संवाददाताओं से कहा:

जहां तक मेरे स्ट्राइक रेट का सवाल है तो मुझे लगता है कि 2020 से अब तक मेरा स्ट्राइक रेट सबसे अच्छा रहा है, जो लोग मेरे बारे में बात कर रहे हैं, शायद वे मैच नहीं देख रहे हैं या उनके मन में मेरे खिलाफ कोई खास एजेंडा है, उन्हें मेरा खेलना पसंद नहीं है. वे नहीं चाहते कि मैं खेलता रहूं. मैंने जितनी सफलता हासिल की है उसे देखकर शायद वे मुझसे ईर्ष्या करते हैं, मुझे इसकी ज्यादा चिंता नहीं है.

भारतीय टीम से बाहर चल रहे इस खिलाड़ी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मुंबई के लिए 10 पारियों में 161.57 के स्ट्राइक रेट से 391 रन बनाए थे. पिछले साल केकेआर आठवें स्थान पर रहा था, लेकिन रहाणे ने टीम की तरफ से सर्वाधिक रन बनाए थे. रहाणे बीच के ओवरों में अपेक्षित तेजी से रन नहीं बना पाए हैं. मुंबई इंडियंस के खिलाफ पहले मैच में रहाणे ने पहली 18 गेंदों में 36 रन बनाए, लेकिन अगली 22 गेंदों में केवल 31 रन ही बना सके.

मुझे बहुत खुशी है कि वे मेरे बारे में बात कर रहे हैं, उन्हें बात करने दीजिए, लेकिन बल्लेबाजी और साझेदारी के लिहाज से यह शानदार रहा है. मुंबई के खिलाफ हमने बहुत अच्छी साझेदारी की थी. आप लोग जानते हैं कि मैं क्या कर रहा हूं. कभी-कभी बल्लेबाज के रूप में आपको वह लय नहीं मिलती, जिसकी आप उम्मीद करते हैं. आप पहले छह ओवर में बेखौफ होकर खेलने की कोशिश करते हैं. कभी-कभी आपको संघर्ष करना पड़ेगा. यह ठीक है. इसे स्वीकार करना महत्वपूर्ण है, लेकिन मुझे पता है कि मैं क्या कर रहा हूं. मैं जानता हूं कि अतीत में मैंने क्या किया है और मैं इसके बारे में सोचने के बजाय खुद पर भरोसा रखता हूं, जो भी मेरे बारे में बात कर रहा है, उसे करने दो.

रहाणे ने कहा, ‘जो लोग बातें कर रहे हैं उन्हें खेल की समझ नहीं है और मुझे लगता है कि वे चाहते हैं कि मैं एक अलग तरह की पारी खेलूं. उन्हें उम्मीद नहीं थी कि अजिंक्य रहाणे अपने खेल में इतना सुधार कर लेगा इसलिए मुझे खुशी है कि वे मेरे बारे में बातें कर रहे हैं, फिर चाहे वह सकारात्मक हो या नकारात्मक.’

About the Author

Anshul Talmale

अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें



Source link