मऊगंज जिले की हनुमना थाना पुलिस ने घर का ताला तोड़कर चोरी करने वाले पांच चोरों को पकड़ा है। पुलिस को इन आरोपियों के पास से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवर और नकदी भी मिली है। यह मामला 24 मार्च 2026 का है, जब बसौड़ी गांव की रहने वाली रानी यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि जब वे खेत पर काम करने गई थीं, तब चोरों ने उनके सूने घर का ताला तोड़कर अलमारी से सोने की लॉकेट, चांदी की पायल और 40 हजार रुपए नकद पार कर दिए थे। संदेही ‘सोनू’ ने बताई वारदात, साथी भी चढ़े हत्थे पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो गांव के ही सोनू साकेत पर शक हुआ। पुलिस ने जब उसे हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की बात मान ली। इसके बाद पुलिस ने अजय साकेत, सुभाष उर्फ ‘सिस्टम’, श्यामशंकर उर्फ ‘शंखू’ और राजबहोर उर्फ ‘टकला’ को भी गिरफ्तार कर लिया। जेवर और नकदी मिली, आरोपी पहुंचे जेल हनुमना थाना प्रभारी अनिल काकड़े ने बताया कि आरोपियों के पास से सोने की लॉकेट, चांदी की पायल और साढ़े चार हजार रुपए से ज्यादा नकद मिले हैं। सामान की कुल कीमत करीब 42 हजार रुपए आंकी गई है। पुलिस ने सभी पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
Source link