छतरपुर में शुक्रवार सुबह एक युवक ने ट्रेन से कटकर आत्महत्या कर ली। यह घटना शहर के पीतांबरा मंदिर के पास रेलवे पुल के नजदीक हुई। सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस और सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान 32 वर्षीय सुरेंद्र साहू के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय बाबूलाल साहू के पुत्र थे। वह वर्तमान में सटई रोड स्थित एक किराए के मकान में रहते थे और रिक्शा चलाकर जीवन यापन करते थे। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी के अनुसार, रेलवे पुलिस को सुबह ट्रैक के पास एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हालत में मिला। प्राथमिक जांच में यह मामला ट्रेन से टक्कर लगने का सामने आया है, जिससे आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। आर्थिक तंगी की आशंका
रेलवे पुलिस ने इसकी सूचना सिविल लाइन थाना पुलिस को दी। स्थानीय पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। पुलिस फिलहाल आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आर्थिक तंगी या व्यक्तिगत कारणों की आशंका जताई जा रही है, हालांकि अभी तक कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस मृतक के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। थाना पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले को मर्ग कायम कर जांच में लिया गया है।
Source link