छिंदवाड़ा में गरज-चमक के साथ तेज बारिश: तापमान में 8° की गिरावट; बिजली आपूर्ति बाधित होने से बाजार में परेशान हुए लोग – Chhindwara News

छिंदवाड़ा में गरज-चमक के साथ तेज बारिश:  तापमान में 8° की गिरावट; बिजली आपूर्ति बाधित होने से बाजार में परेशान हुए लोग – Chhindwara News




छिंदवाड़ा जिले में शुक्रवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली। दिनभर तेज धूप और उमस भरी गर्मी के बाद शाम होते-होते आसमान में घने काले बादल छा गए और देखते ही देखते तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के साथ बादलों की तेज गर्जना और हल्की हवाओं ने माहौल को पूरी तरह बदल दिया। शाम का समय होने के कारण शहर के प्रमुख बाजारों में अच्छी खासी भीड़ थी। लोग खरीदारी में व्यस्त थे, लेकिन अचानक शुरू हुई तेज बारिश ने बाजार की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया। लोग भीगने से बचने के लिए दुकानों, शेड और आसपास की जगहों पर सुरक्षित स्थान तलाशते दिखे। बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई
बारिश का असर केवल जनजीवन तक ही सीमित नहीं रहा, बल्कि शहर की बिजली व्यवस्था भी इससे प्रभावित हुई। तेज बारिश और गरज-चमक के चलते बाजार क्षेत्र समेत कई इलाकों में अचानक लाइट गुल हो गई। बिजली आपूर्ति बाधित होने से दुकानदारों और आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। कुछ स्थानों पर काफी देर तक बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे व्यापारिक गतिविधियों पर भी असर पड़ा। मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी साफ देखने को मिला। पिछले कुछ दिनों से अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था, जिससे लोग भीषण गर्मी से परेशान थे। हालांकि शुक्रवार की शाम हुई बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 30 से 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। तापमान में आई इस 6 से 8 डिग्री की गिरावट ने लोगों को गर्मी से काफी राहत दी। खानपान का विशेष ध्यान रखना जरूरी
इधर, बदलते मौसम को लेकर बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. जसप्रीत गोगिया ने अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उन्होंने कहा कि इस तरह के मौसम में बच्चों में सर्दी, खांसी और वायरल संक्रमण का खतरा बढ़ जाता है, इसलिए उन्हें बारिश में भीगने से बचाना चाहिए और खानपान का विशेष ध्यान रखना जरूरी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यह बदलाव प्री-मानसून गतिविधियों का संकेत है। वातावरण में बढ़ती नमी और तापमान के अंतर के कारण अचानक बादल बन रहे हैं, जिससे गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। विशेषज्ञों ने आने वाले दिनों में भी इसी तरह के मौसम बने रहने और कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश होने की संभावना जताई है।



Source link