दमोह में आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत: खेत में फसल की रखवाली कर रहे दो अन्य बच्चे घायल – Damoh News

दमोह में आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत:  खेत में फसल की रखवाली कर रहे दो अन्य बच्चे घायल – Damoh News




दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र के खांचारी पट्टी गांव में शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। इस घटना में दो अन्य बच्चे घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान 12 वर्षीय घनश्याम पिता हल्ले के रूप में हुई है। घनश्याम अपने 14 वर्षीय भाई जसवेंद्र और 12 वर्षीय दोस्त विवेक पाल के साथ खेत में फसल की रखवाली कर रहा था। इसी दौरान पास के महुआ के पेड़ पर आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में तीनों बच्चे आ गए। घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर रूप से घायल बच्चों को 108 एम्बुलेंस की मदद से दमोह जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद घनश्याम को मृत घोषित कर दिया। जसवेंद्र और विवेक का इलाज जारी है। नाना के पास रहता था बच्चा मृतक घनश्याम के नाना कल्लू सिंह ने बताया कि उनके दामाद की पहले ही मौत हो चुकी थी और वह अपनी बेटी और नातियों का भरण-पोषण कर रहे थे। नोहटा पुलिस भी घटना की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पीएम के लिए भेज दिया है।



Source link