देवास में PNG उपलब्ध क्षेत्रों में LPG आपूर्ति बंद होगी: उपभोक्ताओं को 3 माह में कनेक्शन लेना अनिवार्य, दरें LPG से सस्ती – Dewas News

देवास में PNG उपलब्ध क्षेत्रों में LPG आपूर्ति बंद होगी:  उपभोक्ताओं को 3 माह में कनेक्शन लेना अनिवार्य, दरें LPG से सस्ती – Dewas News




देवास में अब उन घरेलू उपभोक्ताओं को पाइप नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन लेना अनिवार्य होगा, जिनके क्षेत्र में पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है। भारत सरकार द्वारा जारी एक आदेश के तहत, ऐसे उपभोक्ताओं को आदेश जारी होने की तिथि से तीन माह के भीतर पीएनजी कनेक्शन लेना होगा। इसके बाद उनके पते पर एलपीजी की आपूर्ति बंद कर दी जाएगी। जिला आपूर्ति अधिकारी दिनेश कुमार अहिरवार ने बताया कि भारत सरकार के राजपत्र असाधारण प्राधिकार से दिनांक 24 मार्च 2026 को “प्राकृतिक गैस और पेट्रोलियम उत्पाद वितरण (पाइपलाइनों और अन्य सुविधाओं को बिछाने, निर्माण, संचालन और विस्तार के लिए) आदेश, 2026” जारी किया गया है। इस आदेश का उद्देश्य उन क्षेत्रों में एलपीजी की उपलब्धता बढ़ाना है जहां प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नहीं है। आदेश की कंडिका 4 (घ) के प्रावधानों के अनुसार, देवास नगर के जिन क्षेत्रों में पीएनजी पाइपलाइन उपलब्ध है, वहां के घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं को यह अनिवार्य होगा। उन्होंने यह भी बताया कि गेल गैस कंपनी द्वारा देवास नगर निगम क्षेत्र में पीएनजी गैस वितरण नेटवर्क का विस्तार और उपभोक्ताओं की रसोई तक कनेक्शन लगाने का कार्य किया जा रहा है। घरेलू पीएनजी गैस की दर 55.68 रुपए प्रति किलोग्राम है, जबकि घरेलू एलपीजी गैस की दर 64.30 रुपए प्रति किलोग्राम है, जिससे पीएनजी अधिक किफायती है। जिला प्रशासन ने देवास के सभी निवासियों से अनुरोध किया है कि यदि उनके निवास स्थान के समीप पीएनजी गैस पाइपलाइन उपलब्ध है, तो वे घरेलू पीएनजी कनेक्शन प्राप्त करें और अपने एलपीजी कनेक्शन को समर्पित कर दें। इससे भविष्य में होने वाली किसी भी असुविधा से बचा जा सकेगा।



Source link