सीधी जिले के रामपुर नैकिन में शिक्षा विभाग की लापरवाही सामने आई है। यहां बच्चों को मुफ्त बांटने के लिए आई सैकड़ों सरकारी किताबें एक पुरानी जर्जर इमारत में सड़ती हुई मिली हैं। हैरानी की बात यह है कि यह इमारत जनपद शिक्षा केंद्र (BRC) दफ्तर के बिल्कुल बगल में है। नमी और गंदगी की वजह से इन किताबों की हालत बहुत खराब हो चुकी है और अब ये पढ़ने लायक नहीं बची हैं। जिस जगह ये किताबें रखी थीं, वहां मवेशी भी घूमते रहते हैं, जिससे किताबों को और ज्यादा नुकसान पहुंचा है। दो साल से नहीं बांटी गईं किताबें, बच्चे परेशान गांव के रहने वाले प्रशांत सिंह ने बताया कि ये किताबें करीब दो साल पहले बच्चों को बांटने के लिए आई थीं। लेकिन न तो इन्हें बच्चों तक पहुंचाया गया और न ही वापस विभाग को भेजा गया। इस लापरवाही का खामियाजा गरीब बच्चों को भुगतना पड़ रहा है, जिन्हें मजबूरी में बाजार से महंगी किताबें खरीदनी पड़ रही हैं। जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ रहे अधिकारी जब इस बारे में बीआरसी रामपुर नैकिन के प्रभारी श्रीप्रकाश जायसवाल से बात की गई, तो उन्होंने साफ पल्ला झाड़ लिया। उन्होंने कहा कि यह उनका काम नहीं है और वे अपना काम कर रहे हैं। उन्होंने आगे की जानकारी के लिए बीईओ और जिला शिक्षा अधिकारी से बात करने की सलाह दी।
Source link