Last Updated:
Auqib Nabi-Irfan Pathan: जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी की कहानी संघर्ष और जुनून की मिसाल है. पिता उन्हें डॉक्टर बनाना चाहते थे, लेकिन डेल स्टेन से प्रेरित आकिब ने क्रिकेट को चुना. पूर्व दिग्गज इरफान पठान के मार्गदर्शन में निखरे आकिब को आईपीएल 2026 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने 8.40 करोड़ रुपये की भारी कीमत पर खरीदा. अपनी घातक स्विंग और सटीक लाइन-लेंथ के दम पर घरेलू क्रिकेट में तहलका मचाने वाला यह खिलाड़ी अब टीम इंडिया में दस्तक देने को तैयार है.
आकिब नबी की गेंदबाजी को इरफान पठान ने निखारा.
नई दिल्ली. जम्मू-कश्मीर की वादियों से निकलकर आईपीएल के करोड़ों के कॉन्ट्रेक्ट तक पहुंचने वाले आकिब नबी की कहानी किसी फिल्मी पटकथा से कम नहीं है. दिल्ली कैपिटल्स के इस तेज गेंदबाज के लिए यहां तक का सफर आसान नहीं था. जहां उनके पिता उन्हें डॉक्टर बनाना चाहते थे, वहीं आकिब की आंखों में डेल स्टेन जैसा बनने का सपना पलता था. आज 8.40 करोड़ रुपये की बड़ी कीमत पर दिल्ली कैपिटल्स का हिस्सा बनने के बाद आकिब अपनी इस सफलता का पूरा श्रेय भारत के पूर्व दिग्गज ऑलराउंडर इरफान पठान को देते हैं.
आकिब नबी (Auqib Nabi) का बचपन क्रिकेट के प्रति अटूट दीवानगी और पारिवारिक उम्मीदों के बीच संघर्ष करते हुए बीता. उनके पिता चाहते थे कि उनका बेटा पढ़-लिखकर डॉक्टर बने, लेकिन आकिब को टीवी पर दक्षिण अफ्रीकी दिग्गज डेल स्टेन को गेंदबाजी करते देखना पसंद था. आकिब बताते हैं कि वह स्टेन की रफ्तार और गेंद को स्विंग कराने की कला से इतने प्रभावित थे कि उन्होंने उसी पल ठान लिया था कि वे भी एक दिन तेज गेंदबाज बनेंगे और भारत के लिए खेलेंगे.
आकिब नबी की गेंदबाजी को इरफान पठान ने निखारा.
‘मेरा दिल मैदान पर धड़कता था’
शुरुआती दिनों में उन्हें अपने पिता के सपोर्ट की कमी खली. आकिब नबी कहते हैं, ‘मुझे बचपन में क्रिकेट खेलने के लिए पिता से बहुत डांट पड़ती थी. उनका सपना था कि मैं डॉक्टर बनूं, लेकिन मेरा दिल मैदान पर धड़कता था.’ पारिवारिक विरोध के बावजूद आकिब ने हिम्मत नहीं हारी और अपनी मेहनत जारी रखी. आकिब नबी के करियर में सबसे बड़ा मोड़ साल 2018 में आया.इसी साल टीम इंडिया के पूर्व तेज गेंदबाज इरफान पठान जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के मेंटॉर बनकर आए. उस समय आकिब अंडर-23 टीम का हिस्सा थे. इरफान ने अपनी पारखी नजरों से आकिब की प्रतिभा को पहचाना और उन्हें निखारने का जिम्मा उठाया.
आकिब की सबसे बड़ी ताकत ‘लेट मूवमेंट’ है
आकिब के मुताबिक, ‘इरफान भाई ने मुझे सीनियर टीम में डेब्यू करने में मदद की. उन्होंने मुझे गेंदबाजी के जो टिप्स दिए, वे आज भी मेरे बहुत काम आते हैं.’ इरफान पठान का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर में 8-10 बेहतरीन तेज गेंदबाजों का एक पूल तैयार करना था, और आकिब उस प्रोजेक्ट के सबसे खास गेंदबाज साबित हुए. इरफान पठान वर्तमान में कमेंटेटर हैं. वह आकिब की खूबियों के बारे में विस्तार से बताते हैं. इरफान का मानना है कि आकिब की सबसे बड़ी ताकत उनका ‘लेट मूवमेंट’ (देर से स्विंग होना) है. इरफान कहते हैं, ‘मैंने 2018 में पहली बार आकिब को देखा था. वह जूनियर क्रिकेट में लंबे स्पेल डालने की क्षमता रखते थे, जो एक तेज गेंदबाज के लिए बहुत जरूरी है.’
गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने में माहिर हैं आकिब
इरफान ने आकिब की तुलना जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी जैसे दिग्गजों से करते हुए कहा कि भले ही आकिब की रफ्तार 140 किमी प्रति घंटा न हो, लेकिन उनकी गेंद टप्पा खाने के बाद सतह से बहुत तेजी से निकलती है. वे स्टंप्स के पास से गेंदबाजी करते हैं और गेंद को दोनों तरफ स्विंग कराने में माहिर हैं, जिससे बल्लेबाज अक्सर गच्चा खा जाते हैं. पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में आकिब नबी ने अपनी गेंदबाजी से पूरे देश का ध्यान खींचा. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में जम्मू-कश्मीर के लिए शानदार प्रदर्शन किया और फाइनल मुकाबले में 5 विकेट झटककर अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया. इसी निरंतरता का फल उन्हें आईपीएल 2026 की नीलामी में मिला, जहा दिल्ली कैपिटल्स ने उन पर 8.40 करोड़ रुपये की भारी-भरकम बोली लगाई.
टीम इंडिया की दहलीज पर
भले ही दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें सीजन के पहले मैच में मौका नहीं दिया हो (जहां मुकेश कुमार, लुंगी एनगिडी और टी नटराजन ने कमान संभाली थी), लेकिन विशेषज्ञों का मानना है कि आगामी मैचों में उनका डेब्यू तय है. 29 वर्षीय आकिब नबी न केवल आईपीएल में धमाका करने को तैयार हैं, बल्कि वे इस साल भारतीय राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के भी प्रबल दावेदार माने जा रहे हैं.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें