छिंदवाड़ा में गुड फ्राइडे के अवसर पर शहर के सभी प्रमुख गिरजाघरों में विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन किया गया। इस दौरान ईसाई समुदाय के लोगों की बड़ी संख्या में उपस्थिति देखने को मिली। श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण माहौल में प्रभु यीशु मसीह के बलिदान को याद करते हुए प्रार्थनाएं कीं और धार्मिक गीतों के माध्यम से शांति, प्रेम और एकता का संदेश दिया। गिरजाघर में फादर के नेतृत्व में चर्च परिसर से क्रूस जुलूस निकाला गया। इसके बाद विशेष पूजन एवं प्रार्थना सभा आयोजित की गई। फादर ने अपने संदेश में कहा कि गुड फ्राइडे मानवता के लिए प्रभु यीशु मसीह द्वारा दिए गए बलिदान की स्मृति का दिन है, जो हमें त्याग, प्रेम और क्षमा का संदेश देता है। सेंट जॉन ईएलसी चर्च में आराधना सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान फादर एस. लाल के नेतृत्व में कार्यक्रम संपन्न हुआ। सभा में प्रभु यीशु द्वारा क्रूस पर कही गई वाणियों पर मनन किया गया। समाज के सदस्यों—विपिन तिर्की, बाय विश्वास, कुमारी विनीमा लाजरस, श्रीमती मधु केवट सहित अन्य ने अपने विचार व्यक्त किए। प्रार्थना सभा में भजनों का गायन किया गया और बीमार लोगों के स्वास्थ्य लाभ के लिए विशेष प्रार्थना भी की गई। आयोजन के दौरान श्रद्धालु बड़ी संख्या में सफेद परिधान में नजर आए, जो शांति और श्रद्धा का प्रतीक रहा। चर्च परिसरों में श्रद्धालुओं के लिए ठंडे पानी की व्यवस्था की गई थी, वहीं दिव्यांगजनों के लिए व्हीलचेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। कार्यक्रम के अंत में समाज के युवाओं द्वारा लस्सी और कोल्ड ड्रिंक का वितरण किया गया। सभी श्रद्धालुओं को विशप द्वारा गुड फ्राइडे की आशीष प्रदान की गई।
Source link